-एक दिन पूर्व ग्रीन गैस कंपनी ने फिट किया था कनेक्शन

आगरा। दयालबाग क्षेत्र स्थित डीईआई की डॉ। कविता रायजादा के घर पीएनजी शुरू करते ही गैस चूल्हा फट गया। चूल्हा क्षतिग्रस्त होते ही शीशे के टुकड़े चारों ओर फैल गए। शिकायत पर ग्रीन गैस कंपनी की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कवियित्री डॉ। कविता रायजादा दयालबाग शिक्षण संस्थान में कार्यालय अधीक्षक के पद पर हैं। श्याम विहार में उनका निवास है। डॉ। कविता ने पिछले वर्ष 24 को ग्रीन गैस कंपनी के कार्यालय में पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया था।

एक दिन पहले किया था कनेक्शन

बुधवार शाम सात बजे ग्रीन गैस कंपनी की टीम उनके घर पहुंची और पीएनजी कनेक्शन लगा दिया। गुरुवार सुबह करीब दस बजे डॉ। कविता दूध गर्म करने के लिए किचन में गई। जहां कुछ देर बाद तेज आवाज के साथ चूल्हा क्षतिग्रस्त हो गया। कांच टूटकर गिर पड़ा। किचन की सफाई कर रही नौकरानी बाहर की ओर दौड़ी। अनहोनी के डर से परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर निकल आए। दरवाजे के पास लगे रेग्युलेटर को बंद कर दिया। इससे पीएनजी की आपूर्ति बंद हो गई।

दो घंटे बाद पहुंचे कर्मचारी

हादसे में कोई भी जख्मी नहीं हुआ। आरोप है कि शिकायत के दो घंटे के बाद तीन कर्मचारी पहुंचे। डॉ। कविता ने बताया कि जिस वक्त कनेक्शन लगाया जा रहा था, उस दौरान गैस चूल्हे का नोजल ढीला हो गया था। इस पर कंपनी के कर्मचारियों ने टेप लगा दिया था।

मुफ्त में बांटे गए चूल्हे

डॉ। कविता रायजादा के यहां हुए हादसे से पूर्व शीतला धाम की कई अन्य कॉलोनियों में चूल्हे फट चुके हैं। ऐसी घटनाओं को ग्रीन गैस कंपनी की टीम ने दबा दिया। अनुराग वशिष्ठ ने बताया कि उनके घर पर एक साल पूर्व कनेक्शन लगा था। तीन माह पहले चूल्हे में क्रैक पड़ गया था। दयालबाग निवासी प्रो। कविता कुमार ने बताया कि उनके घर में एक साल के भीतर दो घटनाएं हो चुकी हैं। टीम ने कई घरों में घटना को दबाने के लिए मुफ्त में चूल्हे दिए हैं।

टेक्निकल टीम से कराई जाएगी जांच

ग्रीन गैस कंपनी प्रशासन का कहना है कि पांच साल के भीतर पहली बार ऐसा हुआ है कि पीएनजी शुरू करते ही चूल्हा फटा है। टेक्निकल टीम से इसकी जांच कराई जाएगी, जिससे घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा।