फीरोजाबाद: बारातियों के लिए खाना बनाते समय गैस लीक होने से आग लग गई। तेज धमाके के साथ गैस का छोटा सिलेंडर फट गया। पूरे घर में भगदड़ मच गई। लपटों में घिरे आठ लोग बुरी तरह से झुलस गए। इनमें दुल्हन के भाई की हालत गंभीर बनी हुई है।

दुल्हन के भाई की हालत गंभीर

थाना क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर निवासी बनवारीलाल की बेटी प्रीति की बारात सोमवार शाम आगरा के नगला गोकुल से गांव आई थी। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बारातियों के लिए दावत की तैयारियां हो रहीं थीं। भट्ठियां धधक रही थीं। पास में ही गैस के छोटे और बड़े दो सिलेंडर रखे हुए थे। बताया जाता है इस दौरान किसी बच्चे ने छोटे सिलेंडर का रेग्यूलेटर खोल दिया। अगले ही पल गैस ने आग पकड़ ली। धमाके के साथ छोटा सिलेंडर फट गया। आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया। घर में मौजूद लोग लपटों से घिर गए। शादी-दावत के सामान में आग लग गई। अग्निकांड में दुल्हन की मां प्रेमवती, भाई दिलीप के अलावा भूरे सिंह पुत्र जगदीश सिंह, राजेश पुत्र महेश, विष्णु, किशन, रिश्तेदार दीपक पुत्र रामदास और सचिन पुत्र हेमराज निवासी फरीदा झुलस गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने दिलीप को आगरा रेफर कर दिया। घर में रखा डेढ़ लाख का सामान खाक हो गया।