AGRA (20 June): शहर की पॉश कॉलोनी भरतपुर हाउस में सोमवार को सनसनीखेज वारदात ने कारोबार जगत को हिलाकर रख दिया। एमसीएक्स की बकायेदारी को लेकर चांदी कारोबारी ने सोल फैक्ट्री स्वामी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान जवाबी फायरिंग के चलते चांदी कारोबारी भी घायल हो गया है। फैक्ट्री स्वामी के परिजनों की तहरीर पर पुलिस चांदी कारोबारी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

एमसीएक्स में दांव लगाते थे दोनों

थाना हरीपर्वत स्थित 3/51, बी-1 भरतपुर हाउस कॉलोनी निवासी राजकुमार लालवानी ने सेल्समैन के तौर पर कारोबार शुरू किया था। धीरे-धीरे उसने गुटखेका काम डाल दिया। राजस्थान का मशहूर गुटखेका काम भी राजकुमार के पास ही था। लेकिन गुटखेपर पाबंदी के बाद सिकंदरा फैक्ट्री एरिया में सोल फैक्ट्री डाली। किनारी बाजार निवासी संजीव रस्तोगी का किनारी बाजार में प्रह्लाद मार्केट है। किनारी बाजार में ही उसकी अमरीश ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बताया जाता है कि राजकुमार लालवानी से उसकी पुरानी दोस्ती है। साथ ही यह भी बताया गया है कि वह एमसीएक्स में भी दांव लगाते थे। दोनों का लेनदेन चलता रहता था।

दोपहर में आया था घर पर

बताया गया है कि राजकुमार लालवानी पर संजीव रस्तोगी का एमसीएक्स का करोड़ों रुपया बकाया था। इसको लेकर दोनों के बीच कई दिन से विवाद चल रहा था। पिछले चार-पांच दिनों से संजीव उसके घर पर आ रहा था। सोमवार को भी दोपहर में साढ़े बारह बजे वह उसके यहां पर आया था।

लेन-देन को लेकर विवाद

संजीव अपने चालक रवि शर्मा निवासी नारायन एन्क्लेव सदर बाजार व अन्य दो लोगों के साथ आया था। उस दौरान घर में राजकुमार के अलावा उसकी पत्नी निर्मला थी। बेटी सीमा की शादी हो चुकी है और अब वह अहमदाबाद में है। पुत्रवधु वर्षा इस समय अपने मायके मंदसोर, मध्य प्रदेश में हैं। दोपहर करीब 12.30 बजे दोनों बैठ कर बात कर रहे थे। दोनों में विवाद हो गया।

दोनों लोगों ने पिस्टल से

चलाई तीन राउंड गोलियां

झगड़ा करते-करते दोनों बरामदे में आ गए। इसी के बाद लोगों ने तीन राउंड गोली की आवाज सुनी। संजीव के साथ में दो युवक मौके से भाग लिए। संजीव तड़पता हुआ बाहर की तरफ आया। उसके चालक रवि ने उसे कार से हॉस्पीटल पहुंचाया। पिस्टल कार पर ही रखी रह गई। इसी के बाद संजीव को संजय प्लेस स्थित हॉस्पीटल व राजकुमार को दिल्ली गेट स्थित हॉस्पीटल में एडमिट कराया जहां पर राजकुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई।