लोकसेवा आयोग चौराहे पर आईटीआई में तैनात महिला को बदमाशों ने मारी गोली

घायल महिला की तहरीर के आधार पर मोहल्ले के ही दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

ALLAHABAD: पुलिस को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने शनिवार को दिन में लगभग ग्यारह बजे आईटीआई की महिला कर्मचारी को गोली मार दी। सिविल लाइंस स्थित लोकसेवा आयोग चौराहे पर दिनदहाड़े हुई वारदात से अफरा-तफरी मच गई। जख्मी महिला शाहिना को पुलिस पास के एक प्राइवेट अस्पताल ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसआरएन हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बतायी जा रही है। मामले में पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर शकील और उसके बेटे लेखू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

बाइक से थे हमलावर

मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के मालवीय नगर की शाहिना (50) पत्‍‌नी अनुरुल वहीद लोकसेवा आयोग के पास स्थित आईटीआई में क्लर्क है। शनिवार की सुबह वह लोकसेवा आयोग चौराहे पर बस से उतरीं और पैदल रोड क्रास करने लगीं। इसी बीच बाइक से आए बदमाशों ने गोली मार दी। गोली महिला के दाहिने हाथ में लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगी। पुलिस मौके पर पहुंचती इसके पहले हमलावर फरार हो गए। घटना से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस बीच चौराहे पर खड़े ट्रैफिक सिपाही संजय यादव ने होमगार्ड व कुछ राहगीरों की मदद से शाहिना को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

आरोपियों की तलाश जारी

घटना की खबर मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई। महिला को एसआरएन हॉस्पिटल ले जाया गया। इस बीच उसके परिवार के सदस्य भी अस्पताल पहुंच गए। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस अरुण त्यागी ने कहा कि तहरीर के आधार पर महिला के मोहल्ले में रहने वाले पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। महिला पर हमले का स्पष्ट कारण जांच के बाद पता चलेगा। परिवार के लोग घटना की वजह पुरानी रंजिश बता रहे हैं।

पिछले साल भी हुआ था हमला

शाहिना पर हमला पहली बार नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पता चला है कि शाहिना पर मार्च 2015 में भी हाथी पार्क के सामने हमला हुआ था। तब उनके चेहरे पर गोलियों के छर्रे लगे थे। शाहिना ने कर्नलगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन पुलिस मामले में किसी को पकड़ नहीं पाई। उस घटना के बाद महिला स्कूटी छोड़ कर बस से कार्यालय आने जाने लगी थी। महिला का पति अनुरुल एनजीओ चलाता है। दोनों के बच्चे नहीं हैं। पहले पति से तलाक के बाद उसने अनुरुल से शादी की। कुछ माह ससुराल में रहने के बाद मायके आ गई। यहां भाई एजाज व एक बहन के साथ रहती है। पुलिस घटना की जांच सम्पत्ति समेत अन्य बिन्दुओं पर कर रही है।