- वनस्पति घी में सेंट मिलाकर तैयार किया जा रहा था, मौके पर 350 किलो नकली घी मिला, फैक्ट्री संचालक भागा

KANPUR : बुधवार को एफएसडीए की टीम ने जूही थाने के सामने नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। फैक्ट्री से तैयार 350 किलो नकली देशी घी बरामद किया गया। यह नकली देशी घी वनस्पति घी में सेंट मिलाकर तैयार किया जाता था।

जूही थाने के ठीक सामने ललित इंडस्ट्रीज के नाम से घी बनाने की फैक्ट्री जवाहर नगर निवासी कृपाशंकर गुप्ता चला रहा था। दोपहर में एसीएम-1 योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एफएसडीए की टीम ने वहां छापा मारा। छापा पड़ते ही फैक्ट्री मालिक भाग गया। टीम ने देखा कि बड़े-बड़े भगौने में कई रासायनिक व तरल सामग्री मिलाकर देशी घी तैयार किया जा रहा था।

कई दुकानों से भरे खाद्य नमूने

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएसएच आबिदी ने बताया कि सभी के सैम्पल भरे गए हैं। लैब से रिपोर्ट आने के बाद मालिक के खिलाफ कार्यवाई की जाएगी। टीम ने पुरवार सेल्स कार्पोरेशन श्याम नगर से एक टन कचरी पापड़ व रंगीन कचरी पापड़, राम मिष्ठान भंडार, बर्रा से सोहन पापड़ी, जमुना पेड़े वाला, किदवई नगर से पेड़ा, लभेड़ी नमकीन एण्ड बेकर्स वाई ब्लाक किदवई नगर से नमकीन के सैंपल भी भरे।