patna@inext.co.in
ARA/PATNA : कहा जाता है कि परिस्थिति आदमी को शैतान बना देता है। आरा में कुछ ऐसा ही हुआ। बहन की शादी में बैंक से चार बार में 98 हजार कर्ज लिया, और उसे चुकाने के लिए बाद में घर में ही जाली नोट छापने की मशीन बैठा ली। हुआ ये कि आरा जिले में जाली नोट छापने के रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद आरा जेल में बंद राहुल यादव और वांछित पिंटू सिंह समेत अन्य संदिग्धों के नाम सामने आ रहे हैं। इसमें दूसरा मास्टर माइंड पिंटू सिंह ऑटो चालक का बेटा बताया जा रहा है जो फरार है। हालांकि, वांछितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार तीसरे दिन भी छापेमारी हुई। पुलिस ने दबिश देकर वांछित पिंटू सिंह के छोटे भाई मिथुन और मां से गहन पूछताछ की। जिससे राज खुल सके। ऑपरेशन का नेतृत्व एसपी आदित्य कुमार कर रहे ह।

खंगाला जा रहा है सीडीआर
पुलिस की मानें तो पिंटू के छोटे भाई मिथुन को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। सभी संदिग्धों के मोबाइल का सीडीआर खंगाला जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों के बयान में उदवंतनगर थाना के रघुनीपुर गांव निवासी पिंटू सिंह और बडीहां निवासी जितेन्द्र कुमार समेत 4 संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। वांछित पिंटू का पिता निजी स्कूल में ऑटो चलाता है। पिंटू का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। ज्ञात हो कि सबसे पहले दैनिक जागरण ने ही यह खुलासा किया था कि पुलिस को जिस दूसरे मास्टरमाइंड की तलाश है वह भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना के रघुनीपुर का निवासी है। बताते चलें कि जाली नोट प्रकरण को लेकर संदेश थानाध्यक्ष सुदेह कुमार ने जो केस दर्ज किया है पकड़े गए पांचो आरोपियों समेत आरा जेल में बंद कुख्यात राहुल यादव की पत्नी नेहा देवी, पिता नागेन्द्र यादव, मां देवंती देवी, भावज रेखा देवी व एक साथी गुड्डू कुमार शामिल हैं।

बैंक खातों की होगी जांच
आरोपियों की पुलिस संपत्ति से लेकर बैंक खातों की जांच में जुट गई है। भोजपुर एसपी आदित्य कुमार ने बताया कि जरूरत पडऩे पर आर्थिक अपराध इकाई और ईडी को भी जांच के प्रस्ताव भेजे जाएंगे। इधर, शुक्रवार को जाली नोट प्रकरण में गिरफ्तार पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

3 महीने पहले आया था पिंटू

उदवंतनगर पुलिस के अनुसार जाली नोट प्रकरण में नाम आने के बाद रघुनीपुर गांव निवासी पिंटू सिंह के छोटे भाई और मां से पूछताछ की गई है। मां ने बताया कि उसका बेटा पहले बाहर में कहीं प्राइवेट जॉब करता था। तीन महीने पहले गांव आकर रह रहा था। जेल में बंद राहुल की मां देवंती के अनुसार पिंटू छोटे बेटे की शादी के बाद से जमुआंव आना शुरू किया था। राहुल के छोटे भाई की शादी 18 मई 2018 को हुई थी। देवंती ने बताया कि यह धंधा बेटी की शादी में बैंक से लिए कर्ज चुकाने के लिए शुरू किया था। 25- 25 हजार रुपए दो बार, इसके बाद 30 हजार और 18 हजार रुप कर्ज लिया था। 98 हजार कर्ज लेने के दबाव में जाली नोट के करोबार से जुड़ गई।

आरा से पटना तक खपाए गए 10 लाख रुपए से अधिक के जाली नोट

भोजपुर जिले के संदेश थाना के जमुआंव से जाली नोट छापने के रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद कई राज खुल रहा है। शुरुआती जांच में पता चला है कि संदेश थाना के बडीहां और जमुआंव गांव दोनों जगहों पर तीन महीने से जाली नोट छापा जा रहा था। जाली नोटों को पटना जिले के बिहटा, दानापुर समेत भोजपुर के संदेश, चांदी, उदवंतनगर, गड़हनी, अखगांव सहित अन्य बाजारों में खपाया जा रहा था। शुरूआती जांच में करीब दस लाख रुपये से अधिक के जाली नोट खपाए जाने की सूचना है। इस तथ्य का खुलासा गिरफ्तार आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान से हुआ है। आलम यह हैं कि एक ही सिरीज नंबर के 500, 200 व 100 रुपये के दो-दो नोट बाजारों में दौड़ रहे है। दरअसल, जाली नोट बनाने वाले गैंग के सदस्य नए और पुराने असली नोटों को स्कैनर व प्रिंटर की मदद से छापा करते थे। ऐसे में असली व नकली नोट का सिरीज नंबर एक ही रह जाता था। जमुआंव गांव में छापेमारी से एक रोज पहले भी पिंटू ने 60 हजार रुपये नकली नोट छापने का आर्डर दिया था। घटना की रात नोट छापने के दौरान ही पांचों आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए थे। ज्ञात हो कि दिसंबर महीने में उदवंतनगर इलाके में पब्लिक को एक ही नंबर के दो नोट मिले थे। जिसमें एक नोटके जाली होने की बात सामने आई थी।

बिहार : छपरा में गुप्त रूप से बना रहे थे बंदूक, पुलिस ने चार को धर दबोचा

Crime News inextlive from Crime News Desk