- जंगल के लुटेरे की पहचान

- पुलिस कर रही साथी की तलाश

GORAKHPUR: कुसम्ही जंगल में लव ब‌र्ड्स से लूटपाट का एक आरोपी सोमवार को पकड़ा गया। पुलिस दूसरे युवक की तलाश में लगी है। पीडि़त युवती ने पकड़े गए बदमाश को पहचान लिया है। उसके पास से लूट का माल, चार मोबाइल फोन बरामद हुआ। पकड़ा गया युवक खुद को खोराबार थाना का दरोगा बताता था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

प्रेमी जोड़ों से लूटपाट

शनिवार को एक प्रेमी जोड़ा बुढि़या माई दर्शन करने गया। दर्शन के बाद दोनों जंगल में बाइक पर बैठकर बात कर रहे थे। तभी दो लोग वहां पहुंचे। एक ने खुद को खोराबार थाना का दरोगा और दूसरे को सिपाही बताया। दोनों ने प्रेमी जोड़े को हड़काना शुरू कर दिया। प्रेमी युगल के अड़ने पर दरोगा बने बदमाश ने युवक को पीट दिया। युवती का पर्स छीनकर बदमाश फरार हो गए। पर्स में पांच हजार नकदी, मोबाइल फोन, ट्रेन टिकट सहित कई सामान थे। प्रेमी जोड़े की सूचना पर पुलिस जांच में जुट गई। सोमवार की सुबह पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया।

पहले भी कर चुके हैं लूटपाट

पकड़े गए युवक की पहचान रजही निवासी प्रदीप उर्फ झीनक के रूप में हुई। उसने बताया कि लूटपाट में उसका रिश्तेदार भैंसहा निवासी विजय साथ रहता है। प्रदीप के पास से लूट का माल और चार मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस उसके रिश्तेदार विजय की तलाश में लगी है। एक माह पहले इंजीनियरिंग की एक छात्रा जंगल में घूमने गई थी। तब फर्जी दरोगा और सिपाहियों ने उसकी सोने की अंगूठी छीन ली थी। लूट की पीडि़त युवतियों ने आरोपी की पहचान कर ली है। लोगों का कहना है कि इसके पहले भी आरोपी पकड़ा गया था। लेकिन लोकल नेताओं के दबाव में पुलिस ने उसको छोड़ दिया।

लूट के आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों को जेल भेजा जाएगा। दोनों प्रेमी जोड़ों को धमकाकर वसूली करते हैं। बात न बनने पर सामान, पैसा, मोबाइल लूट लेते हैं।

रामाशीष सिंह यादव, एसओ, खोराबार