पुराने पेमेंट की बात को लेकर हुई तकरार

नेता के कहने पर पीटने वालों ने लगाए आरोप

GORAKHPUR: तिवारीपुर एरिया के गाजीरौजा में पंखा बनाने गए मैकेनिक पर आफत आ गई। दोबारा पंखा खराब होने पर मकान मालिक ने पेमेंट देने से मना कर दिया। कहासुनी बढ़ने पर पंखा मैकेनिक को कमरे में बंद कर पीटा। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए मैकेनिक के खिलाफ सात साल की बेटी से रेप की कोशिश का मुकदमा दर्ज करा दिया। एक नेता के इशारे पर हुई कार्रवाई से आक्रोश फैल गया है। एसएचओ ने कहा कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

राजघाट के घासीकटरा मोहल्ले का शकील पंखा मैकेनिक है। एक माह पूर्व गाजीरौजा निवासी एक व्यक्ति के घर वह पंखा बनाने गया था। शनिवार को पंखा दोबारा खराब हो गया। उसे दोबारा बुलाया गया तो बाइडिंग जलने की बात कहकर नए सिरे से बनाने को कहा। इस पर परिवार के लोगों ने पुराने खर्च पर मरम्मत करने को कहा। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि घरवालों ने पंखा मैकेनिक को पकड़कर पीटा। उसे कमरे में बंद कर दिया।

थाने पर नेता ने बदलवा दी तहरीर

दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला थाने पहुंच गया। तभी मोहल्ले का एक नेता भी आ गया। आरोप है कि नेता ने तहरीर बदलवा दी। पंखा मैकेनिक पर सात साल की बच्ची से रेप की कोशिश का आरोप लगा दिया। एसएचओ को तहरीर मिली। पुलिस जांच करके केस दर्ज करती। इसके पहले एसएसपी पहुंच गए। एसएसपी की डांट से बचने के लिए आनन फानन में पंखा मैकेनिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।

पंखा बनाने के विवाद में मारपीट हुई है। छेड़खानी का गलत आरोप लगाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।

रविंद्र पांडेय, एसएचओ तिवारीपुर