जिला अस्पताल में कराया था जबरन गर्भपात

पति सहित सात के खिलाफ शाहपुर में केस दर्ज

GORAKHPUR: बेटी पैदा होने से परेशान ससुरालियों ने महिला का जबरन गर्भपात करा दिया। बार-बार बेटियों की मां बन रही महिला को पीटकर घर से निकालकर शौहर की दूसरी शादी करा दी। मामला कैंट एरिया के रानीडीहा मोहल्ले का है। ससुरालियों से प्रताडि़त महिला की तहरीर पर पति सहित सात के खिलाफ केस दर्ज कर शाहपुर पुलिस जांच जुटी है। ससुरालियों के उत्पीड़न का शिकार महिला अपने पिता संग मायके में रह रही है।

दो बेटियां पैदा होने पर बढ़ा उत्पीड़न

शाहपुर, झरना टोला निवासी शमीउल्लाह की बेटी साजिया उर्फ पिंकी की शादी सात मई 2006 को रानीडीहा निवासी शमशाद के साथ हुई थी। शादी के बाद साजिया को दो बेटियां पैदा हुई। बड़ी बेटी आलिया छह साल की है जबकि दूसरी बेटी आमिना 20 माह की है। दो बेटी पैदा होने पर ससुरालियों ने साजिया का उत्पीड़न शुरू कर दिया। उस पर वंश चलाने के लिए बेटा पैदा करने का दबाव बनाने लगे।

जिला अस्पताल में कराया जबरन गर्भपात

इस बीच तीसरी बार साजिया प्रिंगनेट हुई तो बेटी पैदा होने के डर से ससुराली उसे जिला अस्पताल ले गए। आरोप है कि जबरन दबाव बनाकर उसका गर्भपात करा दिया। साजिया ने इसका विरोध किया तो ससुरालियों का उत्पीड़न बढ़ता चला गया। एक जून को ससुरालियों ने साजिया को पीटकर घर से निकाल दिया। मायके पहुंचकर उसने पिता को जानकारी दी। बताया कि उसे बिना भोजन-पानी के कई दिनों तक कमरे में बंद रखा गया। साजिया के पिता ने दामाद और समधी से बात करके बात बनाने का प्रयास किया। लेकिन उनसे 10 लाख रुपए मांगे गए। ससुरालियों से परेशान महिला ने शाहपुर पुलिस को सूचना दी। पति शमशाद सहित सात ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।