- आग से झुलसी महिला का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था इलाज

- पोस्टमार्टम कराए बगैर ही फरार, मायके वालों का भी पता नहीं

- मेडिकल कॉलेज एंप्लाइज ने पुलिस को दी सूचना

GORAKHPUR: आग से बुरी तरह झुलसी महिला की बीआरडी मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसके ससुराल वाले शव छोड़कर भाग गए। शव सौंपने के लिए मेडिकल कॉलेज एंप्लॉइज ने पहले परिजनों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन उनका कैंपस में कहीं पता नहीं चला। तब इसकी जानकारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मोर्चरी हाउस में रखवाया। इसकी जानकारी संबंधित थाने को दी गई है।

इमरजेंसी बेड पर घंटों पड़ी रही लाश

कुशीनगर जिले के हनुमानगंज एरिया के भैंसहा निवासी सोहन की 23 वर्षीय पत्नी विमला संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। ससुरालवालों ने 21 नवंबर की रात गंभीर हालत में विमला को मेडिकल कॉलेज स्थित नेहरू चिकित्सालय के इमरजेंसी में एडमिट कराया। दो दिन तक इलाज के बाद उसकी हालत खराब हो गई। बीती रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलने पर साथ पहुंचे फैमिली मेंबर्स बेड पर ही लाश छोड़ चले गए। सूत्रों के मुताबिक मामला संदिग्ध था, क्योंकि विमला के मायके वालों को घटना के बारे में सूचित नहीं किया गया था। महिला की मौत के बाद पुलिस के भय से ससुरालवाले लाश छोड़कर रफूचक्कर हो गए। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शव को मोर्चरी हाउस में रख कर गुलरिहा पुलिस को इसकी जानकरी दे दी है।

मृतका महिला के परिजन काफी गरीब हैं। मायके वाले भी पहुंचे थे। पोस्टमार्टम कराने के डर से भाग गए। संबंधित थाने से संपर्क कर सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

-जयवर्धन सिंह, एसओ गुलरिहा