CHAIBASA : प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी से शादी करने का किया विरोध तो प्रेमी ने प्रेमिका सहित पूरे परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी थी। 28 मार्च को गुवा थाना अंतर्गत कोलाईसाई गांव में हुए इस सामूहिक हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी गुवा पुलिस को चार माह बाद जाकर सफलता मिली और इस कांड में शामिल आठ लोगों को गिरफ्तार की गई। शुक्रवार को गुवा थाना में किरीबुरू अनुमंडल पुलिस उपाधिक्षक हीरालाल रवि व गुवा थाना प्रभारी संजय कुमार ने आठों अभियुक्तों को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत करते हुए पूरे हत्याकांड के बारे में जानकारी दी। बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश के आलोक में गुवा थाना अंतर्गत कोलाईसाई मासाटोला गांव में हुई पांच लोगों की हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक छापामारी दल का गठन अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू के नेतृत्व में किया गया था। उक्त टीम में पुलिस आरक्षी निरिक्षक संजय कुमार थाना प्रभारी गुवा एवं कांड के अनुसंधानकर्ता पुअनि र¨वद्र कुमार ठाकुर एवं सशस्त्र बल शामिल थे। एसडीपीओ किरीबुरू के अनुश्रवण में थाना प्रभारी गुवा द्वारा सशत्र बलों के साथ कई जगहों पर लगातार छापामारी की जा रही थी।

पुलिस ने एक साथ दबोचा

गुरूवार को अपराह्न में पुलिस को गुप्त सुचना मिली कि कोलाईसाई मासाटोला गांव की हत्या में शामिल कई अभियुक्त अपने गांव में आने वाले हैं। इस सूचना पर थाना प्रभारी संजय कुमार के साथ अनुसंधानकर्ता एवं सशस्त्र बलों द्वारा संभावित ठिकानों पर छापामारी कर गिरफ्तार करने के उद्देश्य से उक्त स्थान की घेराबंदी की गयी। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विश्वस्त सूत्रों, तकनीकी सहयोगी एवं अन्य आसूचना तंत्र लगातार उन पर निगरानी रख रहे थे। अंतत: जैसे ही अभियुक्तगण कोलाईसाई मासाटोला के नजदीक आये, पूर्व से घेराबंदी में लगे पुलिस पदाधिकारी व बलों द्वारा उन्हें हिरासत में लेकर स्थानिय लोगों से उनकी पहचान करायी गयी एवं उक्त काण्ड में शामील आठ अभियुक्त को एक साथ गिरफ्तार किया गया।

पूरे परिवार की हुई थी हत्या

गुवा थाना के कोलाईसाई मासाटोला निवासी रामसिंह सिरका उनकी पत्नी पानी कुई, बेटी रम्बा सिरका एवं बेटा काण्डेय सिरका तथा सोनिया सिरका की दस अभियुक्तों द्वारा मिलकर 13 मार्च व 14 मार्च को निर्मम हत्या की गयी थी। उक्त हत्याकांड में शामिल अभियुक्त मासा बोयपाई, दुलबोय बोयपाई, सेलाई बोयपाई, तुम्बा बोयपाई, डोमा बोयपाई, सोमा सिरका, जर्मन सिरका, राम सिरका, कडिया सिरका व टेपोय बोयपाई शामिल थे। उक्त हत्याकांड में एक अभियुक्त टेपोय बोयपाई को पूर्व में ही जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों नें घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

अपना-अपना उद्देश्य किया पूरा

कोलाईसाई गांव के मुंडा के बेटे सेलाई बोयपाई द्वारा यह कबूल किया गया है कि राम सिंह सिरका की बेटी रम्बा सिरका से प्रेम करता था व शादी करना चाहता था लेकिन रम्बा सिरका के परिवार वाले इसका विरोध करते थे। इसी कारण वो लड़की सहित पूरे परिवार की हत्या करना चाहता था। सेलाई बोयपाई, मासा बोयपाई, दुलबीय बोयपाई का मृतक के परिवार से जमीन का विवाद भी चला आ रहा था, जिससे दुश्मनी बढ़ गयी थी। घटना के दो माह पूर्व राम सिरका की मां की मृत्यू हुई थी। इस मृत्यु का कारण मृतिका पानी कुई के डायन होने के कारण मानते थे। सभी अभियुक्तों ने अपने निकटतम परिजन व साथी है। घटना के दिन सारे अभियुक्तों ने राम सिरका के घर में शराब पीकर योजना बनाते हुए दो दिनों मेँ पांच लोगों की हत्या धारदार हथियार दौली एवं राड से हमला कर की थी। शुक्रवार को सेलाई बोयपाई व अन्य अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या कांड में प्रयुक्त एक अन्य दौली की बरामदगी पटका पुटकी जंगल से की गई। यहीं पर मृतक रामसिंह सिरका की लाश बरामद हुई थी।

पुलिसकर्मी होंगे पुरस्कृत

अब तक इस कांड में शामिल नौ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है एवं मात्र एक अभियुक्त फरार चल रहा है। इसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर गुवा पुलिस छापामारी कर रही है। अभियुक्तों की सफल गिरफ्तारी में शामिल थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शक्ति नाग, शोभासाम मार्डी एवं अन्य को उचित पुरस्कार प्रदान करने हेतु अनुशंसा की जायेगी।