RANCHI : पंडरा ओपी पुलिस ने बनहोरा में दो लक्ष्मण तिर्की और राजेश तिर्की पर फायरिंग करने के आरोप में विजय तिर्की को हिरासत में लिया है। दोनों घायलों द्वारा दिए गए बयान के आधार पर विजय की गिरफ्तारी रातू इलाके से की गई। पुछताछ के दौरान उसने पुलिस को यह जरूर बताया कि लक्ष्मण के साथ उसका जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पर फायरिंग की घटना से उसका कोई लेना-देना नहीं है। उसने सीधे तौर पर इस वारदात में अपनी संलिप्पता से इन्कार कर दिया। ऐसे में पुलिस के सामने अब भी गोली चलाने वालों की पहचान व तलाश चुनौैती बनी हुई है।

किसने चलाई गोली?

पुलिस अब इस बिंदू पर छानबीन कर रही है कि आखिर जब विजय ने लक्ष्मण पर गोली नहीं चलाई तो इसके पीछे किसका हाथ है। विजय के अतिरिक्त लक्ष्मण तिर्की का जमीन के मामले में किससे झंझट चल रहा था। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो इस गोलीकांड में विजय के अपने रिश्तेदारों के शामिल होने की आशंका जाहिर की गई है।

बाइक सवार अपराधियों ने चलाई थी गोली

सोमवार को बनहोरा के डीहपीढ़ी में रहने वाले राजेश और लक्ष्मण तिर्की घर के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौैरान बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और लक्ष्मण को टारगेट करते हुए गोली चलाई। गोली लक्ष्मण के पैर में लगी। इसके बाद राजेश अपराधियों को पकड़ने के लिए दौड़ा, तो अपराधियों ने फिर से फायरिंग कर दी। इसमें एक गोली राजेश के पेट में जा घुसी। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।

रातू में शाम ढलते ही अपराधियों का जमावड़ा

रातू इलाका अपराध जोन बनता जा रहा है। यहां शाम ढलते ही शूटर्स व अपराधियों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। यहीं पर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की योजना तैयार की जाती है, फिर उसे अमलीजामा पहनाया जाता है। लेकिन, पुलिस अपराधियों पर लगाम कसने में नाकाम साबित हो रही है।