ट्रिपलआईटी में आयेंगे मशहूर कवि कुमार विश्वास व बालीवुड एक्टर फरहान अख्तर

ALLAHABAD: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान अपना वार्षिक महोत्सव एफर्वेसेंस मनाने जा रहा है। चार दिनी कार्यक्रम की शुरुआत 12 अक्टूबर को पूरी दुनिया में प्रसिद्ध ब्लूज संगीत के जाने माने कलाकार कार्लोस एलियट जूनियर के आगमन के साथ होगी। टी मॉडल फॉर्ड, आर अल बॉयस, रॉबर्ट बेलफॉर जैसे कई ब्लूज धुरंधरों से ब्लूज संगीत सीखने वाले कार्लोस ने अपनी एल्बम द कॉर्नफ्लिकर्स की मदद से संगीत प्रेमियों के दिल में अपनी जगह बनाई। इन्हें लैटिन अमेरिका का सबसे मशहूर स्वतंत्र कलाकार माना जाता है।

पुर्तगाली डीजे क्लब बैंडिट्ज भी आयेगा

ऑटम एंड अल मिसिसिप्पी, मिस्टिक ज्यूक जॉइंट ब्लूज, रेंज द फायर जैसे कई एल्बमों ने इन्हें सफलता की ऊंचाईयों तक पहुंचाया। इनकी प्रसिद्धि का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनके गाने डांस विद मी, कैटरीना द म्यूल एवं गॉट दिस फिलिंग को कोलंबिया के टॉप रेडियो स्टेशन रेडियोनिका ने क्रमश: 2014, 2015 एवं 2016 का सर्वश्रेष्ठ गाना करार दिया। वहीं धुरंधर पुर्तगाली डीजे बंधु क्लब बैंडिट्ज 13 अक्टूबर को एफर्वेसेंस में अपना जलवा बिखेरेंगे।

यूरोपियन बीच पार्टी में दिखाई थी धमक

क्लब बैंडिट्ज ने 2015 में सबसे बड़ी यूरोपियन बीच पार्टी में अपना जलवा बिखेर कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। यह क्लब बैंडिट्ज के प्रति दर्शकों का लगाव ही था कि 2016 में प्रतिष्ठित बैंड स्पॉन्सर कंपनी मॉन्स्टर बीट्स से स्पॉन्सरशिप पाने वाला अकेला क्लब बनकर इतिहास रच दिया था। उनका गाया गाना ओपन योर आइज यू ट्यूब पर सबसे चर्चित गानों में से एक रहा है। इसके अलावा वे इम्पॉसिबल बिटवीन द स्कारस जैसे गानों के लिए भी विश्व प्रसिद्ध रहे हैं। वहीं 14 अक्टूबर को मशहूर कवि डॉ। कुमार विश्वास काव्योम कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वहीं बालीवुड एक्टर फरहान अख्तर 15 अक्टूबर को संस्थान में आयेंगे।