- करीब 20 दिन पूर्व ही किसान ने रखा था नौकरी पर

- हत्यारों ने गुप्तांग पर भी कर रखे थे प्रहार

सरधना : छुर गांव में बुधवार सुबह खेत में युवक का शव पड़ा देख सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त गांव के एक किसान के नौकर के रूप में हुई। जिसे 20 दिन पूर्व ही काम पर रखा गया था। युवक की हत्या पीट-पीटकर की गई है। उसके गुप्तांग पर भी कई प्रहार किए गए। पुलिस ने शव मोर्चरी भेज दिया। एक युवक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ भी कर रही है।

यह है घटना

छुर निवासी सतेंद्र पुत्र राजपाल बुधवार सुबह अपने खेत पर पहुंचा तो वहां युवक का शव पड़ा देख उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई। जानकारी मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक की शिनाख्त गांव निवासी किसान रोहताश के नौकर के रूप में हुई। बताया गया कि उसे 20 दिन पूर्व ही काम पर रखा गया था। उसका नाम छोटू बताया गया है, मगर वह कहां का रहने वाला इसका पता नहीं चल सका। शव देखकर प्रतीत हो रहा था कि उसकी बुरी तरह पिटाई गई। गुप्तांग पर भी कई प्रहार किए गए। हत्या करने के बाद शव खेत में फेंक दिया। पुलिस ने शव मोर्चरी भेज दिया। खेत मालिक सतेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।