-दोनों पुलों पर लगेंगी लाइटें, सीपीडब्ल्यूडी ने तैयार किया प्लान

- 70 लाख की लागत से होगा काम, दिखेगा आकर्षक नजारा

VARANASI

आने वाले कुछ दिनों में राजघाट स्थित मालवीय ब्रिज और सामनेघाट पुल फसाड लाइटों की रंगबिरंगी रोशनी से जगमग होगा। शहर के दो अलग-अलग छोरों पर बने दोनों पुलों की आकृति गंगा घाटों से देखी जा सकेगी। केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) ने इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली है। इसपर करीब 70 लाख रुपये से ज्यादा की लागत आएगी।

अंधेरा दूर, रोशनी मिलेगी भरपूर

बनारस को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में इन्फ्रास्ट्रक्चर, सफाई, पेयजल, सीवेज सिस्टम, लाइट, ट्रैफिक, वॉल म्यूरल्स समेत तमाम कार्य चल रहे हैं। खासकर हेरिटेज और फसाड लाइटें शहर की सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं। सामनेघाट ब्रिज पर रात होने पर अंधेरा छा जाता है। मालवीय पुल पर रोशनी की स्थिति ठीक है। ऐसे में पुलों पर फसाड लाइट लगाने से अंधेरा दूर होगा। साथ ही पुलों की सुंदरता भी बढ़ जाएगी। पुल की बनावट और उसका आकार दूर से ही देखा जा सकेगा।

योजना तैयार, धन का इंतजार

मालवीय और सामनेघाट पुल पर फसाड लाइट लगाने की कार्ययोजना केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग ने तैयार कर ली है। फिलिप्स कम्पनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी स्कीम (सीएसआर) के तहत लाइटें लगाई जाएंगी। नगर निगम इसकी मॉनीटरिंग करेगा। फसाड लाइटें लगाने का मकसद ऐतिहासिक व प्राचीन भवनों और स्थलों को रात में भी उनके मूल स्वरूप में दिखाना है। सीपीडब्ल्यूडी अफसरों का कहना है कि धन मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।

फोकस्ड होती है फसाड लाइट

फसाड लाइट फोकस्ड होती है। यानी, जिस जगह यह लगती है उसकी लाइट जिसपर पड़ती है। रात को उसकी सुंदरता देखते ही बनती है। जमीन के नीचे भी रंगबिरंगी लाइटें लगती हैं। अब तक दशाश्वमेघ घाट, काशी विश्वनाथ मंदिर, दुर्गाकुंड, टाउनहाल और बीएचयू में फसाड लाइट लगाई गई है। जिससे इन जगहों की खूबसूरती रात को काफी बढ़ गयी है।

एक नजर

- 2 पुलों पर लगेगी फसाड लाइटें

- 70 लाख से ज्यादा आयेगी लागत

- 5 जगहों पर लगी है लाइट

- 1 से 1.70 लाख तक कीमत

शहर के प्राचीन स्थलों और इमारतों को रोशन करने की तैयारी है। इसी क्रम में फसाड लाइटें लगवाई जा रही हैं। जिससे लोग इन स्थलों की आकर्षक छटा रात में भी देख सकें।

डॉ। नितिन बंसल, नगर आयुक्त