आगरा। फतेहपुरसीकरी स्थित मस्जिद की बुर्जी का गुरुवार रात तेज आंधी के चलते कलश नीचे आ गिरा। जिसे एएसआई की ओर से शुक्रवार को विधिवत लगवा दिया गया। घटना की जानकारी सुबह सूर्योदय के बाद स्मारक खुलने पर एएसआई कर्मचारियों को हुई।

होल्डिंग के लिए लगी थी लकड़ी

एएसआई के संरक्षण सहायक फतेहपुरसीकरी मुनज्जर अली के अनुसार गुरुवार रात को तेज आंधी और बारिश के चलते कलश नीचे आ गिरा था। इस कलश की सपोर्ट के लिए प्राचीन काल से लकड़ी का प्रयोग किया गया था।

लकड़ी गलने से गिरा

प्राचीन काल की यह लकड़ी गल गई थी। इसी के चलते आंधी और बरसात के दौरान कलश पर से इसका होल्ड कमजोर हो गया और कलश नीचे आ गिरा। एएसआई के संरक्षण सहायक फतेहपुरसीकरी मुनज्जर अली के अनुसार शुक्रवार सुबह इसकी जानकारी हो सकी।

कॉपर रॉड का कराया यूज

संरक्षण सहायक फतेहपुर सीकरी मुनज्जर अली का कहना है कि लकड़ी की जगह पर अब कॉपर की रॉड का यूज किया गया है। इसी रॉड के जरिए कलश को एक बार फिर से बुर्जी पर लगवा दिया गया है। इसके लिए संरक्षण कार्य में लगे एक्सप‌र्ट्स की सपोर्ट ली गई है।