मुंबई (आईएएनएस)। हाल ही में फिल्म 'दे दे प्यार दे' में नजर आए फेमस एक्टर अजय देवगन के पिता 85 वर्षीय वीरू देवगन का निधन हो गया है। वीरू देवगन ने उम्र से संबंधित दिक्कतों के चलते सोमवार दोपहर को एक स्थानीय अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से बॉलीवुड में दुख की लहर दौड़ गई है। सोमवार की शाम को ही 6 बजे के करीब विले पार्ले वेस्ट श्मशान में उनका अंतिम संस्कार किये जाने की सूचना परिवार के सूत्रों के हवाले से मिली है। मशहूर अभिनेत्री काजोल, वीरू देवगन की बहू हैं।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी
वीरू देवगन बॉलीवुड के जाने माने स्टंट निर्देशक थे। एक्शन दृश्यों को निर्देशित करने के अलावा, उन्होंने अजय और मेगास्टार अमिताभ बच्चन अभिनीत 1999 की फिल्म "हिंदुस्तान की कसम" का निर्देशन किया था। इसके अलावा देवगन ने बॉलीवुड फिल्मों में एक्टर, डायरेक्टर, राइटर, प्रोड्यूसर के तौर पर भी काम किया था। उन्होंने अपने करियर में करीब 80 से ज्यादा फिल्मों में स्टंट और एक्शन कोरियोग्राफी की थी। क्रांति, सौरभ और सिंहासन फिल्मों में काम करने के साथ 1992 में आई फिल्म जिगर की कहानी वीरू देवगन ने ही लिखी थी।

सोशल मीडिया पर श्रद्घांजली का सिलसिला
वीरू देवगन के निधन की खबर मिलते ही बहुत सी सेलिब्रिटीज का अजय देवगन और काजोल के घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर कई लोग संवेदना जता रहे हैं। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्विटर पर बताया है कि वीरू देवगन का निधन सुबह मुंबई में हुआ और आज शाम 6 बजे मुंबई के विले पार्ले में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

फिल्म मेकर अशोक पंडित ने भी ट्विटर पर उन्हें श्रद्घांजली दी।

 

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk