- गुलरिहा एरिया के बेलवारायपुर की घटना, दो पक्षों में चल रहा था विवाद

GORAKHPUR: गुलरिहा एरिया के बेलवारायपुर में बुधवार की सुबह प्रॉपर्टी डीलर्स ने जमकर उत्पात मचाया। पंचायत में स्प्रे मारकर मनबढ़ों ने एक पक्ष के लोगों पर खूब लात-घुसे बरसाए। आरोप है कि उन लोगों ने घर में तोड़फोड़ करके आग लगा दी। मारपीट में घायल युवती सहित दो लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। तहरीर के अनुसार पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।

भूमि को लेकर चल रहा विवाद

कोतवाली एरिया के अलीनगर मोहल्ला निवासी किशुनचंद की छावनी बेलवारायपुर में हैं। छावनी पर स्थित प्रॉपर्टी की देखभाल गांव के बुद्धिराम करते हैं। गांव के विश्राम प्रजापति का भूमि को लेकर किशुनचंद से विवाद चल रहा है। दोनों के बीच मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। विवादित भूमि पर धान की फसल बोई गई थी। बुद्धिराम शर्मा ने धान की कटाई शुरू कराई। तभी विश्राम पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताते हुए फसल काटने से मना कर दिया। बुधवार की सुबह दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलाई गई।

अचानक बिगड़ी बात, बोला धावा

दोनों पक्षों की ओर से पंचायत में कई लोग जुटे। दोनों पक्षों में बातचीत चल रही थी। उसी समय बुद्धिराम के पक्ष में प्रापर्टी डीलर गंगा प्रसाद अपने समर्थकों के साथ पहुंचा। आरोप है कि दबंगई दिखाते हुए उसने दूसरे पक्ष के लोगों का स्प्रे डाल दिया। जिससे लोगों को देखने में प्रॉब्लम होने लगी। गंगा और उसके लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया। आरोप है कि घर में घुसकर मारपीट की। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। विश्राम की बेटी किरन और बेटे रंजीत, भतीजे जितेंद्र को गंभीर चोट लगी। उनको मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया। दूसरे पक्ष के बुद्धिराम को भी अस्पताल ले जाया गया। विश्राम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। दोनों पक्षों से तहरीर लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

वर्जन

पंचायत में मारपीट का मामला सामने आया है। लेकिन एक पक्ष लोग झोपड़ी जलाने, घर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।

- रामाशीष सिंह यादव, एसओ, गुलरिहा