दो पक्षों में पारिवारिक विवाद की चल रही थी पंचायत

झगड़ा होने पर मोबाइल से वीडियो बना रहा था राहगीर

GORAKHPUR: पारिवारिक विवाद के मामले में चल रही पंचायत के दौरान महिला थाना कैंपस में मारपीट हो गई। कैंपस में लड़ते दोनों पक्ष सड़क तक पहुंच गए। महिला थाना से गुजर रहे लोगों के तमाशा देखने पर पुलिस हरकत में आई। महिला थाना में विवाद का वीडियो बना रहे युवक का मोबाइल छीनकर रख लिया। महिला एसओ ने बताया कि युवक ने महिला कांस्टेबल के साथ हाथापाई की। इसलिए उसका मोबाइल कब्जे में ले लिया गया।

अचानक दोनों पक्षों में हुई मारपीट

महिला थाना में पारिवारिक विवाद की शिकायत हुई थी। मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलाई गई। महिला थाना की कांस्टेबल दोनों पक्षों के बीच बात कर मामला सुलझाने की कोशिश में लगी थी। तभी एक दूसरे पर आरोपों को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। हाथापाई करते हुए दोनों पक्ष गेट तक पहुंच गए। मारपीट का तमाशा देखने के लिए सड़क पर राहगीर जमा हो गए। राहगीरों ने मोबाइल से मारपीट का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

राहगीर के साथ महिला कांस्टेबल की कहासुनी

पुलिस कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह से मामला शांत कराया। मोबाइल से वीडियो बना रहे मऊ निवासी अवधेश दुबे को पकड़ लिया। उसके मोबाइल में मारपीट का वीडियो देखकर पुलिस ने छीन लिया। विरोध करने पर उसे जेल भेजने की धमकी दी गई। इस बात को लेकर महिला कांस्टेबल के साथ उसकी कहासुनी भी हुई। शहर के एक व्यापारी की गाड़ी चलाने वाला अवधेश रेलवे स्टेशन से खाना खाकर लौट रहा था। उसने इस मामले की जानकारी व्यापारी को दी।

वर्जन

मारपीट का वीडियो बना रहे युवक ने सिपाही के साथ हाथापाई की। इसलिए उसका मोबाइल कब्जे में ले लिया गया था। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डॉ। शालिनी सिंह, एसओ