-सारनाथ में भगवान बुद्ध की मूर्ति लगाने पर हुआ जमकर हंगामा

-मारपीट, पथराव में दर्जन भर लोग घायल, दस गिरफ्तार

VARANASI

सारनाथ के छाही गांव में शनिवार को सुबह भगवान बुद्ध की मूर्ति लगाने को जमकर बवाल हुआ। दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट और पथराव के दौरान दर्जन भर से अधिक लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस ने उपद्रव करने वाले दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मूर्ति जब्त कर चबूतरे को जेसीबी से ढहा दिया गया। दोनों पक्ष की ओर से थाने में केस दर्ज कराया गया है।

पुलिस ने मूर्ति की जब्त

गांव के बाहर दो बीघा सरकारी जमीन है। यहां डीह बाबा का मंदिर भी है। बुद्ध पूर्णिमा पर स्थानीय कुछ लोगों ने यहां आयोजन कर छह फुट का चबूतरा बनाया जिस पर तीन फुट की भगवान बुद्ध मूर्ति रख कर पूजा की थी। अधिकारियों के अनुसार जिला प्रशासन से सिर्फ आयोजन की अनुमति ली गई थी। मूर्ति लगाने का कोई जिक्र नहीं था। आयोजन के दौरान भी गांव के कुछ लोगों ने जमीन को ग्राम समाज का बताकर विरोध दर्ज कराया था। तब आयोजकों ने बाद में मूर्ति हटा लेने की बात कही थी। शनिवार की सुबह कुछ लोग आयोजन स्थल पर पहुंचे और मूर्ति स्थापना के लिए पक्का निर्माण शुरू करा दिया। इसकी जानकारी दूसरे पक्ष को हुई तो विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने हो गये। एक-दूसरे पर हॉकी-डंडे से हमला बोल दिया। दोनों पक्ष से बड़ी संख्या में लोग जुट गए और जमकर मारपीट और पथराव होने लगा। बवाल की सूचना पर एसपी सिटी राजेश यादव, एसीएम फोर्थ त्रिभुवन राम, एसडीएम सदर, सीओ कैंट प्रशांत कुमार, एसओ सारनाथ अखिलेश मिश्र भारी फ़ोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मूर्ति जब्त कर चबूतरे को जेसीबी से ढहा दिया। उपद्रव पर उतारू दस लोगों को अरेस्ट करने के बाद। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। काफी देर तक सारनाथ थाने में भी लोगों का जमावड़ा लगा रहा। पुलिस ने डंडा पटककर खदेड़ा। सारनाथ एसओ का कहना है कि दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सारनाथ के आसपास जमीनों के भाव आसमान छू रहे हैं। जिस जमीन को लेकर बवाल हुआ उस पर भू माफियाओं की नजर है। यहां पहले भी कब्जे को लेकर कई बार विवाद हो चुका है।