- दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच पथराव, कुछ कार्यकर्ता जख्मी

- नाराज कार्यकर्ताओं ने किया सड़क जाम, डीएम एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को किया शांत

1ड्डह्मड्डठ्ठड्डह्यद्ब@द्बठ्ठद्ग3ह्ल.ष्श्र.द्बठ्ठ

ङ्कन्क्त्रन्हृन्स्ढ्ढ

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लोकसभा चुनाव के बाद बनारस आये तो इस बार भी उनको विरोध का सामाना करना पड़ा। सुबह बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद रोड शो के दौरान उनका काफिला सुंदरपुर पहुंचा तो वहां मौजूद एक दर्जन भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए। भाजपाजन एक पोस्टर साथ लेकर पहुंचे थे जिसमें केजरीवाल पर तिरंगे का आपमान करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद बवाल बढ़ गया। आप कार्यकर्ता भी सामने आ गए और कुछ आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं को पीट दिया। जिसके बाद दोनों ओर से जमकर पत्थर चले। इसमें आप के कुछ कार्यकर्ता घायल भी हुए।

नहीं रुके केजरीवाल

इस दौरान माहौल बिगड़ता देख केजरीवाल वहां नहीं रुके और उनका काफिला भारी सुरक्षा के बीच सीर गोवर्धन की ओर बढ़ गया। लंका गेट पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। इसके बाद सीर स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचे। वहीं सुंदरपुर में जान बचाकर भाग रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप कार्यकर्ताओं पर पथराव शुरू कर दिया। आप कार्यकर्ताओं ने भी जवाब में उनपर पत्थर फेंके। दोनों ओर से हुए पथराव से स्थानीय जनता डर गई और दुकानें बंद कर दी गई। इसी बीच भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई। आप कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश होने लगी लेकिन आप कार्यकर्ता गणेशपुरी कॉलोनी में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे थे और पत्थर भी फेंक रहे थे। इससे स्थानीय जनता नाराज हो गई। उन्होंने पत्थर फेंकने वालों को निशाना बनाया और जवाब में पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।

कर दिया चक्काजाम

अपने ऊपर हुए दो तरफा हमले से नाराज आप कार्यकर्ता सड़क पर लौटे और चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आप कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की लेकिन वे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अड़ गए। इस दौरान जो भी सरकारी वाहन वहां से गुजरे, उनको घेरकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इस बीच डीएम राजमणि यादव व एसएसपी आकाश कुलहरि का काफिला भी उधर से गुजरा। एसएसपी ने आप कार्यकर्ताओं को भरोसा दिया कि जिन लोगों ने काले झंडे दिखाए और पथराव किया है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आप कार्यकर्ता सड़क की एक लेन से हट गए। इसके बाद कुछ हद तक आवाजाही शुरू हुई। हालांकि सड़क की दूसरी लेन पर उनका कब्जा काफी देर तक रहा। वहीं सीर से लौटने के बाद जब केजरीवाल का काफिला मौके पर पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद आप के नेता संजय सिंह नीचे उतरे और कार्यकर्ताओं को समझाने लगे। इस दौरान फोर्स ने अरविंद केजरीवाल के काफिले को सुरक्षित सर्किट हाउस के लिए रवाना किया।