RANCHI : जेहलीटांड़ बस्ती में एक महिला का बाल काटने के बाद इलाके में दशहत का माहौल है। इस बाबत पीडि़ता की ओर से खलारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस इंस्पेक्टर ने इसकी छानबीन शुरू कर दी है। इधर,सैकड़ों घरों के बाहर नीम के पत्ते तथा हाथ का छाप दे दिया गया। लोगों को यह भ्रम है कि इस तरह करने से चोटी कटवा घर में नहीं आएगा। हालांकि, कुछ लोग इसे अफवाह मान रहे हैं। वैसे, पुलिस ने सभी लोगों को सतर्क रहने को कहा है।

क्या है पूरा मामला

पीडि़ता के पिता सुल्तान अंसारी ने बताया है कि बगल में रहने वाले बड़े भाई के यहां शुक्रवार को शादी थी। घर के लोग शादी समारोह में गए थे। उनकी शादीशुदा बेटी शबनम परवीन भी मैक्लुस्कीगंज से आई थी। इसी दिन रात साढे़ दस बजे शबनम घर में सोयी तीन वर्षीया बेटी को देखने आई। इसी क्रम में कोई पीछे से आया और कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया। बेहोश करने के पहले शबनम के साथ उस व्यक्ति ने मारपीट भी की। इस दौरान वह जोर से चिल्लाई। शादी समारोह में शोरगुल होने के कारण किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी। जब शादी समारोह से वापस घर आए तो शबनम बेहोशी की हालत में पड़ी थी। मौलवी से झाड़-फूंक करवाया गया। इसी दौरान महिलाओं ने उसके सिर के पीछे हाथ लगाया, तो वहां से उसकी चोटी कटी हुई थी।