RANCHI : सिटी बसों का संचालन करने वाले किशोर मंत्री पर नगर निगम शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। मामला सिटी बसों के संचालन से हुई कमाई से नगर निगम को पेमेंट करने से जुड़ा है। किशोर पर नगर निगम का करीब 1.52 लाख रुपए बकाया है। इस बाबत उनकी ओर से जो चेक दिया गया वह दो बार बाउंस कर चुका है। ऐसे में निगम की ओर से किशोर मंत्री को तत्काल बकाए का भुगतान करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। अगर इस बार वे पेमेंट नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

छीना गया था संचालन का जिम्मा

गौरतलब है कि सिटी बसों के संचालन का जिम्मा किशोर मंत्री और सुरेश सिंह को दिया गया था। लेकिन, इन दोनों के द्वारा सिटी बसों के संचालन में बरती जा रही लापरवाही व शिकायतों के मद्देनजर टेंडर कैंसिल कर उन दोनों से संचालन का जिम्मा छीन लिया गया था। इतना ही नहीं, उन्हें सिटी बसों के संचालन के एवज में बकाए का भुगतान करने को भी कहा गया था।

बकाए के भुगतान का टलता रहा मामला

सिटी बसों के संचालन को लेकर किए गए करार के तहत संचालनकर्ता को कमाई से नगर निगम को पेमेंट करना था। लेकिन, उसके द्वारा पेमेंट को बार-बार टाला जाता रहा। जब नगर निगम ने दबाव बनाया तो उन्होंने चेक काटकर दिया, लेकिन क्लियरेंस में वह दो बार बाउंस कर गया। ऐसे में अब उन्हें नोटिस जारी कर अविलंब बकाया देने को कहा गया है, वरना केस दर्ज किया जाएगा।