-ट्रामा सेंटर में स्थित है सेंट्रल पैथोलॉजी की एसी में लगी आग से मची अफरा-तफरी

-तीन घंटे तक ठप रही जांच

-बिजली कनेक्शन बंद कर कर्मचारियों ने बुझाई आग

GORAKHPUR: बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सेंट्रल पैथोलॉजी में आग लगने से हड़कंप मच गया। गुरुवार को पैथोलॉजी में लगा एसी धू-धू कर जलने लगा। आग को देखकर हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने बिजली का कनेक्शन काट कर आग को बुझाया। इसके कारण तीन घंटे तक सेंट्रल पैथोलॉजी में जांच ठप रही। खबर है कि आग के कारण मशीन को बंद करने से कई मरीजों के नमूने खराब भी हो गए।

बीआरडी के ट्रॉमा सेंटर के पास बने सेंट्रल पैथोलॉजी में गुरुवार को जांच का नमूना देने के लिए मरीजों की लंबी कतार लगी रही। दोपहर करीब 12 बजे पैथोलॉजी एक एसी से धुआं निकलने लगा। कुछ ही मिनटों में समूचे सेंट्रल पैथोलॉजी में धुआ छा गया। कर्मचारी जब तक कुछ समझ पाते एसी धू-धू कर जलने लगा। इसके कारण अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टर व कर्मचारियों के साथ ही मरीज व तीमारदार भी भागने लगे।

बिजली कनेक्शन काट कर बुझाई आग

पैथोलॉजी में आग की सूचना कर्मचारियों ने बिजली मिस्त्री को दी। सेंटल पैथोलॉजी का बिजली कनेक्शन कर्मचारियों ने काट दिया। इसके बाद आग बुझाने की कवायद हुई। आधा घंटा की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जले हुए एसी के हिस्से को निकाला गया।

खराब हो गए कुछ नमूने

आग लगने के कारण मचे हड़कंप में जांच के लिए रखे नमूने भी खराब हो गए। कर्मचारियों के मुताबिक बिजली कनेक्शन काटे जाने से कई मशीने रूक गई। इसका भी असर नमूनों की जांच रिपोर्ट पर दिखा। इसको देखते हुए कुछ मरीजों से दोबारा नमूने लिए जाएंगे।

चार दिन पहले हुई थी एसी की सर्विस

कर्मचारियों ने बताया कि एसी की सर्विस चार दिन पहले ही हुई। सर्विस करने आए कर्मचारियों ने जांच भी किया। इसके बावजूद आग लग गई। खबर है कि देर शाम तक जली हुई एसी को बदल दिया गया।

वर्जन

एसी में आग लगी थी। उसे कर्मचारियों ने समय रहते देख लिया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। एसी को छोड़कर और किसी चीज का नुकसान नहीं हुआ।

डॉ। शैलामित्रा, विभागाध्यक्ष, पैथोलॉजी