RANCHI: रांची नगर निगम के बकरी बाजार स्थित स्टोर में सोमवार को सिटी बसों में अचानक आग लग गई। धीरे-धीरे आग की लपटें तेज होने लगी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तबतक तीन सिटी बसें जलकर खाक हो गई। एक बस को जलने से बचाया जा सका। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं दुर्गा पूजा पंडाल भी राख में तब्दील हो जाता। घटना के बाद रांची नगर निगम के अधिकारी आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुट गए हैं। बताते चलें कि संचालन नहीं होने के कारण दर्जनों सिटी बसें स्टोर में खड़ी कर दी गई हैं।

जानबूझकर आग लगाने की आशंका

अचानक से सिटी बसों में आग लगने के बाद नगर निगम के अधिकारी घटना की जानकारी लेने पहुंचे। इस दौरान कहीं भी आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका। ऐसे में अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि कहीं बसों को जानबूझकर तो नहीं जलाया गया। चूंकि कई सिटी बसों के पा‌र्ट्स भी गायब हो चुके थे। इतना ही नहीं, बस हैंडओवर करने के बाद वेरीफिकेशन का काम भी चल रहा था।

पूजा पंडाल की वजह से नहीं दिखी आग

आग लगने के बाद देर से लोगों को जानकारी मिली। चूंकि दुर्गा पूजा पंडाल की वजह से कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। अगर थोड़ी सी देर और हो जाती तो पूजा पंडाल भी राख में तब्दील हो जाता। बताते चलें कि बकरी बाजार में बड़ा पूजा पंडाल बनाया गया था। लेकिन एक महीने बाद भी पंडाल को नहीं हटाया गया है।