- बदमाशों ने टोकन लेने की बात कहने पर की फायरिंग

- असलहे के बट से प्रहार कर कर्मचारी को भी किया घायल

GORAKHPUR: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 9 पर कैब-वे पर मनबढ़ों ने जमकर तांडव मचाया। बाइक सवार बदमाशों ने पहले तो टोकन के नाम पर पहले तो फायरिंग की और फिर तमंचे के बट से मारकर कैब-वे के कर्मचारियों को घायल कर दिया। इसके साथ ही मनबढ़ों ने वहां तोड़फोड़ की और तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। घटना सोमवार रात आठ बजे की है। कैब-वे कर्मचारियों ने बताया कि हमला करने वाले 10 की संख्या में पांच बाइक से आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर तैनाम रेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

ठेके के टेंडर को लेकर दी धमकी

कैब-वे के ठेकेदार कमलेश दीक्षित के मुताबिक कर्मचारी रोज की तरह कैब-वे पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी बीच पांच बाइक से 10 लोग आए और कूपन काटने के नाम पर कर्मचारियों से भिड़ गए। पहले तो बदमाशों ने तीन राउंड फायर की और चलते-चलते तमंचे के बट से मारकर घायल कर दिया। कमलेश का आरोप है कि 20 मार्च को कैब-वे के ठेके के लिए टेंडर पड़ने वाला है। टेंडर उन्हें न मिले इसलिए वह धमकी देने आए थे। मनबढ़ों के हमले में कैब-वे पर काम कर रहे दीक्षित, राजन और सोनू को गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तीनों अस्पताल में में इलाज चल रहा है।