- एक पक्ष ने 10 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट

Sardhna : खिर्वा गांव में बुधवार देर शाम लेनदेन के विवाद में दो समुदाय के लोगों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई। बाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी।

कहासुनी के बाद फायरिंग

खिर्वा निवासी ब्रह्मपाल के पुत्र मधुलाल और अमित गांव के ही दूसरे समुदाय के लोगों के साथ मिलकर पशु व्यापार करते थे। बाद में दोनों पक्षों में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। बताया गया कि मधुलाल और अमित के करीब ढाई लाख दूसरे पक्ष पर बकाया रह गए। बुधवार देर शाम दोनों पक्षों में इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। उसके बाद दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी।

पैसे न मिलने पर युवक पर हमला

नवाबगढ़ी गांव के निकट बुधवार देर रात आधा दर्जन बदमाशों ने एक युवक को लूटपाट के इरादे से घेर लिया। मगर पैसे न मिलने पर बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। सलावा गांव निवासी सोमवीर पुत्र राजाराम क्षेत्र में इलेक्ट्रोनिक उत्पाद सप्लाई करता है। बुधवार देर रात वह बाइक से सरधना की ओर से घर लौट रहा था। नवाबगढ़ी गांव के निकट धारदार हथियारों से लैस आधा दर्जन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों को उसके पास पैसे नहीं मिले तो धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया। हाथ-पैर बांधकर उसे खेत में फेंक दिया और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। किसी तरह बंधन मुक्त होकर पीडि़त ने परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।