-ओमपुरवा में है विवादित प्लॉट, छर्रे लगने से एक राहगीर घायल हुआ

-पुलिस का कहना है, गोली चली है, लेकिन घायल कोई नहीं हुआ

KANPUR : पुलिस प्रशासन से लेकर शासन तक लॉ एंड ऑर्डर को लेकर कुछ भी दावा करे लेकिन हकीकत में खाकी का खौफ शहर में खत्म हो चुका है। शहर के हालात भी इस बात की गवाही दे रहे हैं। शनिवार को चकेरी के ओमपुरवा में प्रॉपर्टी विवाद में असलहों की जमकर नुमाइश हुई और दिन-दहाड़े कई राउंड गोलियां चलने से इलाका दहल उठा। लोग दहशत में आ गए। एक राहगीर पेट में छर्रे लगने से घायल हो गया। हालांकि इंस्पेक्टर अजय सेठ का कहना है कि मेडिकल में राहगीर के छर्रे लगने की पुष्टि नहीं हुई है। गोली जरूर चली है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किस पक्ष ने गोली चलाई है। फुटेज से आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

कब्जा करने का आरोप

ओमपुरवा निवासी ज्ञानेश सिंह उर्फ ज्ञानू ठाकुर डीएवी कालेज के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके घर के पास एक विवादित प्लॉट है। जिसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये है। ज्ञानू ठाकुर का दावा है कि यह प्लॉट उनका और अरुण कटियार उर्फ अन्नू का है, जबकि सीओडी कॉलोनी निवासी रोहित निषाद और चरनजीत सिंह इस प्लॉट पर अपना दावा करते हैं। आरोप है कि शनिवार को रोहित और चरनजीत 12 से 15 साथियों के साथ असलहे से लैस होकर प्लॉट पर कब्जा करने आए थे। इसका पता चलने पर ज्ञानू भी कुछ साथियों और इलाकाई लोगों के साथ वहां पहुंचकर विरोध करने लगे। ज्ञानू का आरोप है कि रोहित, चरनजीत और उनके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पहले वे हवाई फायरिंग कर रहे थे, लेकिन जब उन लोगों ने पथराव कर आरोपियों को खदेड़ा तो उन लोगों ने सामने से फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच वहां से गुजर रहा राहगीर राजेश (19) पेट में छर्रे लगने से घायल हो गया। पुलिस को जांच में एक मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे से घटना का फुटेज मिल गया। वहीं रोहित और चरनजीत ने ज्ञानू ठाकुर और उनके साथियों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।