-एक युवक के पासपोर्ट को फर्जी बताने पर चल रहा विवाद

-प्रधान पक्ष के लोगों पर फायरिंग का आरोप, दोनों पक्ष से केस

GORAKHPUR: बड़हलगंज के बहसुआ गांव में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान चले ईंट पत्थर में दोनों ओर के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। आरोप है कि प्रधान पक्ष के लोगों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्ष की ओर से आई तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बहसुआ गांव निवासी गुड्डू शर्मा का गांव के नरसिंह निषाद के बीच विवाद चल रहा है। गुड्डू के घर का एक युवक श्रीलंका में रहता है, जिसके पासपोर्ट को फर्जी बताते हुए दूसरे पक्ष के लोग जांच करवा रहे हैं।

लंबे समय से चल रही थी रंजिश

शनिवार रात गुड्डू शर्मा अपने घर में बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान नरसिंह निषाद का भाई व प्रधान विजय साथियों के साथ पहुंच गया और दहशत फैलाने को गाली देते हुए फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग आमने सामने हो गए और ईंट पत्थर चलने लगे। मारपीट में गुड्डू, जुगुनी देवी, रंजीत, आकाश और नरसिंह पक्ष के पूजा, संगम, रामभवन जख्मी हो गए। प्रधान विजय निषाद के सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष से घायलों को सुबह मेडिकल कराने के साथ साथ थाने बुलाया और गुड्डू की तहरीर पर प्रधान समेत 9 लोगों और नसिंह की तहरीर पर गुड्डू समेत सात लोगों के साथ मारपीट, हत्या की कोशिश, दहशत फैलाने सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बड़हलगंज थाना प्रभारी दिलीप शुक्ला का कहना है कि फायरिंग नहीं हुई, ईंट पत्थर चले हैं। दोनों ओर से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।