ALLAHABAD: कर्नलगंज एरिया में शुक्रवार की शाम छेड़खानी के एक मामले को लेकर एक पक्ष ने युवक पर बम से हमला कर दिया। बमबाजों ने युवक को कुछ दूर दौड़ाकर उस पर फायरिंग की। मगर किस्मत से वह बाल बाल बच गया। नशे में धुत युवकों ने पथराव करते हुए तोड़फोड़ मचाना शुरू कर दिया। बाजार में सरेशाम इस घटना के बाद से हड़कम्प मच गया। घटनास्थल से एक जिंदा बम पुलिस ने बरामद किया है। कर्नलगंज थाना क्षेत्र में स्थित नेतराम चौराहे के निकट रहने वाला मंगल नामक शख्स मोहल्ले में दुकान लगाता है। उसका आरोप है कि पड़ोस का रहने वाला युवक अक्सर उसकी बहन से छेड़खानी करता है। हाल ही में विरोध करने पर उसने बहन को उठा ले जाने की धमकी दी थी। शुक्रवार की शाम उसने साथियों के साथ मंगल को घेर लिया और जान से मारने की नीयत से बमबाजी कर दी। सीओ विजय शंकर तिवारी का कहना है मुहल्ले के युवक अमित स्वराज, अमन, विक्की और ऋषभ पर बमबाजी और बवाल करने का आरोप लगा है।