- जेल में बंद डाक्टर कफील के ड्राइवर पर आरोप

- राजघाट पुलिस कर रही मामले की जांच

GORAKHPUR: राजघाट एरिया के पहाड़पुर में रुपए के विवाद में शुक्रवार की रात जमकर विवाद हुआ। मारपीट कर रहे मनबढ़ों ने गोली चलाकर सनसनी फैला दी। हवाई फायरिंग की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है। कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि जेल में बंद डॉ। कफील के ड्राइवर ने गोलियां चलाई थीं। हालांकि जांच के बाद पुलिस ने फायरिंग से इनकार किया है। एसएसपी का कहना है कि मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पहाड़पुर मोहल्ले की घटना

शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे पहाड़पुर निवासी महमूदुल हसन के घर कुछ मनबढ़ पहुंच गए। पुराने लेनदेन को लेकर मनबढ़ों का उनसे विवाद हो गया। हाथापाई होने पर एक व्यक्ति ने गोली दाग दी। शोरगुल होने पर मनबढ़ फरार हो गए। मोहल्ले के लोग जुटे तो मनबढ़ों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को हो हल्ला शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारे भी लगाए।

पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी

बवाल की सूचना पर पुलिस पहुंची। लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। लोगों ने पुलिस को बताया कि कुछ युवक मोहल्ले में बेवजह घूमते रहते हैं। मना करने पर वह लोगों से उलझ जाते हैं। हालांकि जांच के बाद पुलिस ने दावा किया कि दोनों पक्षों में रुपए के लेनदेन का विवाद चल रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके पुलिस जांच में जुटी है।