महिला प्रधान थीं निशाना, बाल-बाल बचीं, पब्लिक सहमी

तीन नामजद समेत कुल 15 के खिलाफ मामला दर्ज

ALLAHABAD: नैनी एरिया शुक्रवार को दिन में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहल उठा। लगातार तड़तड़ा रही गोलियों की गूंज से आसपास के लोग सहम गए। आरोप है कि निशाना महिला प्रधान और उनके पति थे। संयोग से महिला प्रधान को छर्रे भी लगे हैं। घटना का कारण जमीन को लेकर विवाद बताया गया है। इस मामले में नैनी थाने में कुल 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें तीन नामजद हैं। फायरिंग से आक्रोशित भीड़ ने शियाट्स के सिक्योरिटी इंचार्ज जयराम के कार के शीशे तोड़ डाले। फायरिंग की सूचना मिलते ही एसपी यमुनापार अशोक राय सहित पुलिस के तमाम अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए।

स्पॉट से मिले कई खोखे

डांडी की प्रधान रूबी हैं। उनके पति दीप चन्द्र उर्फ मुन्ना और शियाट्स के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ। कलीम के बीच इंदलपुर गांव में दो बीघे के प्लाट को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। शुक्रवार दोपहर कलीम का बेटा अनस आधा दर्जन लग्जरी गाडि़यों और असलहाधारी साथियों के साथ जेसीबी लेकर प्लाट पर पहुंच गया। उसने जेसीबी से तीन गांवों को जोड़ने वाली 45 फिट चौड़ी सड़क की खुदाई शुरू करा दी। इस पर स्थानीय लोगों ने विरोध दर्ज कराया। सूचना मिलने पर महिला प्रधान रूबी अपने पति दीपचन्द्र उर्फ मुन्ना के साथ मौके पर पहुंच गईं। इन दोनों के पहुंचने के बाद सैकड़ों लोग वहां जुट गए और काम बंद कर देने के लिए कहा। भीड़ को डराने के लिए असलहाधारियों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ फायरिंग से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीड़ इधर-उधर भागने लगी। संयोग से रूबी के हाथ में गोली के छर्रे जा लगे तो पब्लिक भड़क गई और आक्रामक हो गई। यह देखकर सभी हमलावर जेसीबी सहित भाग निकले। भीड़ को और कुछ नहीं मिला तो उसने शियाट्स के सुरक्षा अधिकारी की गाड़ी पर धावा बोल दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किये।

जबरन कब्जा करना चाहते हैं दबंग

घायल प्रधान पति के पिता शिव मंगल ने आरोप लगाया है कि डॉ कलीम का पुत्र अनस उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहता है। इससे पूर्व भी उसने कई बार फोन कर जमीन बेचने की धमकी भी दी थी। इस घटना के बाद सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने विरोध करते हुए नैनी कोतवाली का घेराव कर दिया। दो घंटे तक चले थाने के घेराव के बाद पुलिस ने प्रधान की तहरीर पर मो। अनस, मो। नासिर, सलमान तीन को नामजद करते हुए 15 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और छानबीन कर रही है।