यह थी घटना
मलियाना का रहने वाला रजत पुत्र अनिल कुमार एयरटेल में कैश कलेक्शन ऑफिसर है। इसके पास रिठानी, परतापुर और देहात के इलाके हैं। यहां से वह रोज कैश कलेक्शन करता है। शनिवार और रविवार को कैश कलेक्शन नहीं हुआ था। दो दिन का कैश कलेक्शन वह सोमवार को कर रहा था। लगभग सभी जगहों पर वह कलेक्शन कर चुका था, लेकिन आखिर में उसे क्रोम के बराबर से अंदर जाने वाले रास्ते से कलेक्शन लेना था। जैसे ही वह इस रोड पर अंदर गया पीछे से आए पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने उसको गोली मार दी.

लूटकर ले गए कैश
बदमाशों की गोली लगते ही रजत नीचे गिर गया। बदमाशों ने उसका बैग लूटा और जैनपुर रोड पर भाग निकले। आने जाने वाले लोगों ने रजत के बारे में पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली। रजत को तुरंत केएमसी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया। गोली उसकी पीठ से होते हुए पेट में जाकर अटक गई थी, जिसे ऑपरेशन से निकाल दिया गया.

खतरनाक है यह रोड
जैनपुर को जाने वाली यह रोड काफी खतरनाक है, जिस पर करीब तेरह मोड़ हैं। यहां पुलिस को किसी बदमाश को पकडऩे के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ेगी। इस मामले में पुलिस को अभी कुछ खास हाथ नहीं लगा है। बैग में करीब एक लाख रुपए कैश बताया गया है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में कई पुराने बदमाशों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। मेडिकल और नौचंदी इलाके से भी कुछ बदमाशों को पूछताछ के लिए उठाया गया। मगर अभी कोई ऐसा सुराग नहीं लगा जिससे बदमाशों तक पुलिस पहुंच सके.

पीछे से लगे थे बदमाश
बदमाशों को रजत के बारे में पता था। वह रोज इन्हीं रास्तों पर कैश कलेक्ट करता है। इस बार दो दिन का कैश कलेक्शन था जो ज्यादा होता। माना जा रहा है कि बदमाश उसके पीछे शुरू से ही लगे थे। इस रोड पर मौका देखकर बदमाशों ने उसको गोली मारी और लूटकर भाग निकले। उनको इन रास्तों का पूरा पता है। कहां से गायब हो जाना है। कहां पुलिस मिलेगी। लुटेरे यहीं आसपास के होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की धरपकड़ में जुट गई है.

"बदमाश गोली मारकर कैश लूट कर ले गए। इनकी तलाश की जा रही है। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। बदमाश जल्द पकड़े जाएंगे."
-राजेश वर्मा, इंस्पेक्टर, परतापुर