- अधिकारियों ने नजदीकियों तथा कर्मचारियों से कराई पहचान

- पुलिस का मानना, नजदीकी ने ही की है सुशील की हत्या

Meerut: चारों बदमाशों की यह खौफनाक वारदात रेस्टोरेंट में लगे पांच कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक सीसीटीवी फुटेज को देखा। वहीं कर्मचारियों व जानने वालों को बदमाशों के बारे में सूचना भी मांगी, लेकिन हर किसी ने यही कहा कि इनको पहले कभी नहीं देखा। पुलिस ने सीसीटीवी के फुटेज कब्जे में ले लिए हैं। एसपी देहात एमएम बेग ने बताया कि हत्या करने वाले जान-पहचान के ही हैं। किस बात को लेकर हत्या की गई यह जांच का विषय है।

प्रॉपर्टी विवाद बनी वजह

सुशील की हत्या के पीछे प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा है। रेस्टोरेंट के साथ ही सुशील अपने दोस्त के साथ प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त भी करता था। बताया जा रहा है कि इसी संबंध में लेनदेन को लेकर उसकी कुछ लोगों से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने सुशील की हत्या कर दी।

देर रात तक दबिश

हत्या की पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद है। कार और बदमाशों का हुलिया साफ देखा जा सकता है। यही नहीं वारदात के समय सुशील का दोस्त भी मौजूद था। जैसे ही गोली चली उसकी कार लेकर कोई फरार हो गया। पुलिस इन सभी एंगल की जांच कर रही है। वहीं सुशील के दोस्त दीपक ने उनको हॉस्पिटल पहुंचाया और परिवारजनों की सूचना दी। पुलिस अब सुशील के सभी दोस्त व मिलने वालों को हिरासत में लेने के लिए देर रात तक दबिश देती रही।

वर्जन

रेस्टोरेंट मालिक को चार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। यह वारदात सीसीटीवी में कैद है। पुलिस दबिश में लगी है। जल्द ही हत्यारोपियों को पकड़कर केस का खुलासा कर दिया जाएगा।

- डीसी दूबे, एसएसपी, मेरठ

पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। विवाद क्या था यह जांच का विषय है। फिलहाल बदमाशों की पहचान जल्द हो जाएगी और घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

-एमएम बेग, एसपी देहात