- तीन को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला, दो की तलाश में जुटे गोताखोर

फीरोजाबाद: यमुना में नहाने गए पांच दोस्त अचानक नदी में डूब गए। तीन किशोरों को एक साहसी युवक ने सुरक्षित निकाल लिया लेकिन दो का सुराग नहीं लग सका है। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। गोताखोरों को बुलाकर यमुना में जाल डालकर दोनों किशोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

थाना लाइनपार के मुहल्ला नगला विश्नू और लेबर कालोनी के विश्नू (17) पुत्र योगेंद्र सिंह सिसौदिया निवासी नगला विश्नू, अंकित जादौंन (12) पुत्र स्व। संतोष, अमन (16) पुत्र दीपक, हर्ष तिवारी (15) पुत्र महावीर और गणेश वर्मा (16 ) पुत्र अर¨वद निवासी लेबर कालोनी पांचों दोस्त हैं। घटनाक्रम के अनुसार सोमवार दोपहर 12 बजे थाना लाइनपार क्षेत्र से गुजर रही यमुना में नहाने गए थे। पांचों यमुना किनारे पहुंचकर नहाने के लिए नदी में कूद गए। नहाते समय वह गहरे गड्ढे में चले गए, जिससे वह डूबने लगे। इसी दौरान यमुना किनारे बसे गांव नयाबांस निवासी दिलीप वर्मा की नजर यमुना में डूबते युवकों पर गई। यह देखक दिलीप अपनी जान की परवाह न करते हुए यमुना में कूद गया और उसने डूबते किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर निकलने के बाद तीनों किशोरों ने दिलीप को बताया कि उनके दो साथी विश्नू और अंकित भी यमुना में डूब गए हैं। दो किशोरों के यमुना में डूबने की खबर से नयाबांस और सोफीपुर के लोग यमुना पर पहुंच गए और किशोरों की तलाश में जुट गए। इस बीच बाहर निकले अमन, हर्ष, गणेश ने अपने परिजनों को घटना अवगत कराया। सूचना मिलते ही किशोरों के परिजन और लेबर कालोनी और नगला विश्नू के लोग यमुना की तरफ दौड़ पड़े। प्रभारी निरीक्षक थाना लाइनपार राजीव यादव ने घटना से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर एसडीएम टूंडला श्रीराम यादव और सीओ सदर जगदीश सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जिलाधिकारी को स्थित से अवगत कराया। किशोरों की तलाश के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी और गोताखोरों को बुलाया गया। स्थानीय गोताखोरों ने नाव से यमुना में जाल डाला लेकिन देर शाम तक युवकों का कोई पता नहीं चला। जैसे-जैसे युवकों के डूबने की खबर क्षेत्र में फैली, सैकड़ों की संख्या में लोग यमुना तट पर एकत्रित हो गए। इंस्पेक्टर राजीव यादव ने बताया विश्नू (17) और अंकित 12 की तलाश जारी है। जबकि तीन किशोरों को जीवित निकाल लिया गया है।