- राजधानी में अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों ने की अत्महत्या

- कहीं बीमारी से परेशान युवक ने दी जान तो कहीं सास से झगड़कर बहू ने लगाई फांसी

LUCKNOW : दशहरे के पर्व पर जहां लोग खुशियां बना रहे थे, वहीं कुछ लोगों के लिए गए गलत फैसलों ने उनके परिवार को पूरी जिंदगी का दर्द दे दिया। कैंट में सास से झगड़े के बाद बहू ने सुसाइड किया तो चिनहट में दहेज की प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने जान दे दी, वहीं सरोजनी नगर में छुट्टी पर घर आए एमआर ने फांसी लगा जान दे दी। शुक्रवार और शनिवार को मिलाकर राजधानी में पांच लोगों ने जिंदगी का रास्ता छोड़, मौत को गले लगाया।

केस नंबर एक

कैंट लकड़ी मोहाल निवासी सुभाष सिंह की मां सावित्री और पत्‍‌नी नीतू में आए दिन झगड़ा होता था। शनिवार को हुए झगड़े के बाद सावित्री बहू की शिकायत करने कैंट कोतवाली गई और जब वापस लौटी तो देखा नीतू घर पर नहीं थी। जब नीतू की तलाश की गई तो उसका शव बूचरी ग्राउंड में दुपट्टे से पेड़ पर लटका मिला। परिवार में तीन बच्चे अंकित, अंकुश व अनुष्का हैं।

केस नंबर दो

बाराबंकी नौबस्ता निवासी चंद्रिका प्रसाद की पत्‍‌नी श्रीदेवी के मुताबिक छह साल पहले उन्होंने अपनी बेटी शिमला की शादी चिनहट के हरदासीखेड़ा निवासी विशेष संग की थी। दहेज के लिए बेटी को ससुराल वाले प्रताडि़त करते थे। शुक्रवार को शिमला का शव पंखे में दुपट्टे से लटकता मिला। सावित्री ने दहेज हत्या का आरोप लगा चिनहट थाने में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है।

केस नंबर तीन

सरोजनी नगर के शांति नगर निवासी सौरभ दास (43) नोएडा में एमआर थे। दशहरे पर वे घर आए थे और शुक्रवार को उन्होंने घर पर अपने कमरे को अंदर से बंद कर फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने जब खिड़की से कमरे में झांका तो उन्हें इस घटना का पता चला। परिजनों का कहना है कि सौरभ बीमार रहता था, इसी कारण वह परेशान चला रहा था।

केस नंबर चार

लखीमपुर के सैदीपुर निवासी विकास गुप्ता इंदिरा नगर सेक्टर 22 में किराए पर रहते थे। बी ब्लॉक चौराहे पर फास्ट फूड का काउंटर लगाने वाले विकास का गुरुवार को पत्‍‌नी शशि से झगड़ा हुआ, जिस पर पत्‍‌नी बेटे रघु के साथ मायके चली गई। इससे नाराज विकास ने पंखे में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह साथ काम करने वाला युवक जब विकास के कमरे में पहुंचा तो इस घटना की जानकारी हुई।

केस नंबर पांच-

बंथरा के गढ़ी चुनौटी निवासी किसान चंद्रपाल के बेटे कल्लू ने बताया कि चंद्रपाल पेट दर्द से परेशान थे। शनिवार सुबह वह घर से निकले और फिर उनका शव आम के बाग में रस्सी के सहारे पेड़ से लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चंद्रपाल के परिवार में पत्‍‌नी गुड्डी, बेटा कल्लू और राम विलास हैं।