ALLAHABAD: गाड़ी खड़ी करने के विवाद ने तुल पकड़ा तो केस छेड़खानी का दर्ज हो गया। अब दोनों पक्षों की बीवीयों की ओर से दर्ज मुकदमे की परिणति ये हो सकती है कि दोनों के मियां जेल चले जाएं। बहरहाल क्या होगा यह तो पुलिस ही जाने, जिसने फिलहाल कोर्ट के आदेश पर दोनों पक्षों का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला शिवकुटी थाना क्षेत्र का है।

शिवकुटी थाना क्षेत्र की महिला ने आरोप लगाया कि मोहल्ले का इरशाद उर्फ कल्लू व उसकी पत्नी ने घर में घुसकर उसके कपड़े फाड़ दिए और लात-घुसों से पिटाई की। इरशाद ने रेप का प्रयास भी किया। शोर मचाने पर दोनों जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। दूसरी तरफ इरशाद की पत्‍‌नी व महिला अधिवक्ता का आरोप है कि याकूब ने उसके साथ अश्लील हरकत की। विरोध पर तेजाब फेंकने, बम फेंकने और जान से मारने की धमकी दी। याकूब पहली महिला का पति है। दोनों ने पहले थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने पेशबंदी का मामला मानते हुए दर्ज नहीं किया था। इसके बाद दोनों कोर्ट चली गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामला दोनों पक्षों के बीच एक गाड़ी खड़ी करने को लेकर है। मामले में कार्रवाई की गई थी। मगर बाद में दोनों पक्ष कोर्ट चले गए। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।