बच्चे को छोड़ने आई थी बीएचएस तो वहां भी पहुंच गया

पति को फोन कर बुलाया, भीड़ ने जमकर धुना, पुलिस को सौंपा

ALLAHABAD: कटरा का रहने वाला एक लड़का आंटी-आंटी बोलकर एक महिला के पीछे पड़ गया। उसकी मंशा समझ में आने के बाद महिला ने घर आने पर रोक लगा दी तो उसने पीछा करना शुरू कर दिया। गुरुवार को वह पीछा करते हुए जीएचएस कंपाउंड में चलने वाले जिमनास्टिक इंस्टीट्यूट तक पहुंच गया। बात बर्दाश्त के बाहर हो गई तो महिला ने पति को फोन करके बुला लिया। पति मौके पर पहुंचा और भीड़ की मदद से लड़के को दबोच लिया। भीड़ ने भी उस पर हाथ साफ कर दिया। उसे बुरी तरह पीटा गया जिससे उसके नाक, मुंह से खून निकलने लगा। पुलिस को बुलाकर उसको सौंप दिया गया। महिला के पति ने लड़के के खिलाफ छेड़खानी करने, पीछा करने की धारा में एफआईआर दर्ज करने की तहरीर सिविल लाइंस थाने में दी है।

पानी टंकी के पास रहती है फैमिली

महिला का पति कारोबारी है। फैमिली कटरा में पानी टंकी के पास रहती है। पास ही टेलर का परिवार रहता है। उनका 16-17 का लड़का है जो कारोबारी की फैमिली से कुछ ज्यादा ही घुल मिल गया था। सुबह शाम जब भी मौका मिलता, आंटी-आंटी करके घर में घुस जाता। महिला को जब उसका आना जाना खटकने लगा तो उसने पति को बताया। कुछ दिन तो पति ने लड़के की हरकत को नजर अंदाज किया लेकिन बाद में एक दिन उसको टाइट कर दिया। कह दिया कि अगर दोबारा घर पर दिखा तो अंजाम ठीक नहीं होगा।

घर से निकलते ही लग जाता पीछे

महिला का आरोप है कि वह घर से निकली तो लड़का उसका बाइक से पीछा करता। वह जहां भी जाती, लड़का वहां पहुंच जाता। गुरुवार की शाम पांच बजे महिला अपने बेटे को जिम्नास्टिक ट्रेनिंग के लिए बीएचएस छोड़ने पहुंची। वह गेट पर ही थी तभी लड़का भी उसे सामने दिखाई दिया। वह आगे पीछे मंडराने लगा तो महिला डर गई। उसने पति को बुला लिया। पति ने वहां पर बच्चों को छोड़ने आए लोगों के साथ मिलकर जमकर खबर ली। खबर पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई तो पैट्रोलिंग कार मौके पर पहुंच गई। लड़के को पकड़कर सिविल लाइंस थाने ले जाया गया। महिला के पति ने एफआईआर दर्ज करने की तहरीर दी है। देर रात तक एफआईआर नहीं दर्ज करवाई गई थी। लड़के को मेडिकल के लिए भेजा गया है।

----------------------

बेटी की उम्र की युवती के साथ मनाई रंगरेलियां

दिया था प्रापर्टी, पेंशन देने का झांसा, वीडियो बनाने का भी आरोप

- बिजली विभाग के रिटायर्ड जेई के खिलाफ रेप की एफआईआर

ALLAHABAD: बिजली विभाग का रिटायर्ड जूनियर इंजीनियर असरार अहमद बेटी की उम्र की युवती को शादी का झांसा देकर रेप करने व अश्लील वीडियो बनने के आरोप में फंस गया है। युवती ने जेई के खिलाफ खुल्दाबाद थाने में रेप करने, धमकाने समेत कई संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज करवा दी है।

पिता हैं आंगनबाड़ी में सुपरवाइजर

युवती मुट्ठीगंज पुलिस स्टेशन एरिया के एक मोहल्ले की रहने वाली है। उसके पिता आंगनबाड़ी केंद्र में सुपरवाइजर हैं। अटाला के रहने वाले जूनियर इंजीनियर असरार अहमद से उसका चार साल पहले संपर्क हुआ था। आरोप है कि आनाजाना कुछ बढ़ा तो रिटायर्ड इंजीनियर ने उसको शादी का झांसा दिया। कहा कि वह उससे शादी कर लेगा और अपनी प्रापर्टी व पेंशन उसके नाम कर देगा। पुलिस के मुताबिक युवती चार साल तक रिटायर्ड इंजीनियर के घर पर ही रही। वह उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जेई ने कहा था कि अगर उसको कुछ हो जाएगी तो भी फैमिली पेंशन युवती को मिलती रहेगी। आरोप है कि जब युवती को जेई की मंशा समझ में आ गई और उस पर शादी का दबाव बनाने लगी तो उसने अश्लील वीडियो बना लिया और ब्लैक मेलिंग शुरू कर दी। इसके बाद युवती ने सीओ फ‌र्स्ट रूपेश सिंह से शिकायत की। वहां से मामला जांच के लिए खुल्दाबाद थाने भेजा गया। थाने पर एप्लीकेशन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई। जांच इंस्पेक्टर खुल्दाबाद समीर सिंह खुद कर रहे हैं।

------------

घर में घुसकर छेड़खानी

ALLAHABAD: धूमनगंज के ट्रांसपोर्ट नगर की रहने वाली एक किशोरी के साथ घर में घुसकर छेड़खानी की गई। किशोरी के पिता मजदूरी करते हैं। आरोप पड़ोस के ही एक युवक पर लगा है। किशोरी के मुताबिक गुरुवार को वह घर पर अकेली थी तभी युवक वहां पहुंच गया और छेड़खानी करने लगा। शोर मचाने पर वह भाग गया। दोनों फैमिली में इस बात को लेकर शाम को काफी कहासुनी हुई। देर रात तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।