आई नेक्स्ट इम्पैक्ट

-बाबतपुर में निर्माण स्थल पर लगी जाली ताकि जानमाल का न हो नुकसान

-सुरक्षा कर्मियों की भी बढ़ाई गई संख्या, आने-जाने के दौरान सेफ रहने के लिए कर रहे अवेयर

VARANASI

सिटी से एयरपोर्ट को जोड़ने वाली रोड पर एक आरओबी संग फ्लाईओवर व दूसरा सबसे लंबा फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। शहर के सबसे लंबे फ्लाईओवर के निर्माण में मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा था। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में इससे रिलेटेड न्यूज 17 मई को 'इस फ्लाईओवर को भी है किसी हादसे का इंतजार' हेडिंग से छपने के बाद निर्माण कार्य करा रही एजेंसी की आंखें खुली। उसने निर्माण स्थल पर जहां कार्य चल रहा है वहां पर जाली लगवा दिया। ताकि कोई सामग्री यदि नीचे गिरे तो जानमाल का नुकसान न हो सके।

मजदूर लगा रहे हेलमेट

इतना ही नहीं निर्माण स्थल पर सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। जहां पहले 34 कर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए थे, वहीं अब उनकी संख्या 46 हो गई है। इसके अलावा इस तरफ से गुजरने के दौरान लोगों को किस प्रकार से नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित सफर करना बेहतर रहेगा। इसके लिए भी अवेयर किया जा रहा है। प्रोजेक्ट मैनेजर के मुताबिक मजदूर हेलमेट, सुरक्षा बेल्ट, ग्लब्स, जैकेट लगाकर ही कार्य कर रहे हैं। निर्माण स्थल पर बराबर पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है। पंचक्रोश यात्रियों की सुरक्षा के लिए छह सुरक्षा कर्मी लगाए गए हैं जो अन्य वाहनों को रोककर उन्हें पास करा रहे हैं।