JAMSHEDPUR : जमशेदपुर अक्षेस की तरफ से गोपाल मैदान में सोमवार को स्ट्रीट फूड फेस्टिवल लगाया जा रहा है। ये फेस्टिवल नगर विकास विभाग की तरफ से मनाए जा रहे समृद्धि उत्सव के दौरान आयोजित हो रहा है। 18 फरवरी से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस फूड फेस्टिवल में व्यंजनों के 35 स्टाल लगाए जा रहे हैं। साथ ही बैंक और योजनाओं के भी स्टाल होंगे।

स्ट्रीट फूड वेंडर्स को पहचान
गोपाल मैदान में 40 गुणे 50 वर्गमीटर लंबा पंडाल बनाया गया है। इसमें कुल 75 स्टाल लगेंगे। फूड फेस्टिवल में स्ट्रीट वेंडरों को भी अपने फूड स्टाल लगाने का मौका दिया गया है, ताकि ये स्ट्रीट वेंडर शहर में पहचान पा सकें। फूड स्टाल के अलावा 25 स्टाल महिला स्वयं सहायता समूहों के होंगे। इन स्टाल पर महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इस तरह इस आयोजन में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अपने उत्पाद के लिए बाजार हासिल कर सकती हैं।

सीएम हो सकते हैं चीफ गेस्ट
जेएनएसी के विशेष अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि फेस्टिवल के मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास को आमंत्रित किया गया है। लेकिन, अब तक उनके आने की पक्की सूचना नहीं है। उनके अलावा खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री सरयू राय, नगर विकास मंत्री चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह और सांसद विद्युत वरण महतो को बुलाया गया है। दोपहर 12 बजे फूड फेस्टिवल का शुभारंभ होगा।

सभी बड़े होटलों को निमंत्रण
आयोजन स्थल पर प्रेस कांफ्रेंस में विशेष अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि फूड फेस्टिवल में शहर के सभी बड़े होटलों और रेस्टोरेंट को स्टाल लगाने के लिए बुलाया गया है। इनमें रमाडा होटल, अलकोर होटल, होटल केनेलाइट आदि शामिल हैं। प्रेस कांफ्रेंस में नगर प्रबंधक रवि भारती, ज्योति पांडेय आदि मौजूद थे।

शाम को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
फूड फेस्टिवल में मनोरंजन की भी व्यवस्था रखी गई है। तीनों दिन शाम को छह बजे से नौ बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार नृत्य, गायन आदि पेश करेंगे।