- बालूगंज स्थित मार्केट में सुबह बोला हमला

- पहले भी तीन बार हुए हमले, चार गोली लगी

आगरा। थाना रकाबगंज के बालूगंज में सुबह अपनी-अपनी दुकान पर पहुंचे दो व्यापारी भिड़ गए। दोनों में रैंप को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि दुकान मालिक व सपा नेता ने शू कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें शू कारोबारी के चार गोलीं लगीं। दिल्ली गेट स्थित हॉस्पिटल में घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। शू कारोबारी पर इस विवाद को लेकर पहले भी तीन मार हमला हो चुका था।

रैंप को लेकर चल रहा था विवाद

ताजनगरी फेस-2 निवासी शू कारोबारी इरशाद उस्मानी पुत्र हाजी रमजान की शुभ आकृति कॉम्प्लेक्स में दुकानें हैं। यहां पर सपा नेता हरीकांत यादव निवासी बरौली अहीर हाल निवासी बालूगंज की भी दुकानें हैं। गत दिनों अतिक्रमण अभियान के दौरान ऊपर की तरफ जाने वाली अवैध रूप से बनी स्लैब तोड़ दी गई थीं। बाद में हरीकांत ने रैंप बनवा ली। इससे इरशाद की दुकान ढक गई। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

सुबह विवाद में मारी गोली

शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे दोनों अपनी-अपनी दुकानें खोलने आए। उस दौरान रैंप की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इरशाद ऊपर की तरफ हरीकांत की दुकान पर झगड़ने चला गया। आरोप है कि उसी दौरान उसने लाइसेंसी रिवाल्वर से पहले दो हवाई फायर किए। इसके बाद चार गोलियां इरशाद के ऊपर चलाई।

मौके पर बिखरा मिला खून

इरशाद दिल्ली गेट स्थित हॉस्पिटल में एडमिट हैं, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों का आरोप है कि गोली हरीकांत ने मारी है। हरीकांत की दुकान से लेकर सीढि़यों पर नीचे तक खून के निशान पड़े हुए थे। जबकि कुछ लोगों का कहना था कि कार सवार तीन से चार युवक आए थे, जिन्होंने फायरिंग कर उसे घायल कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।