- एक युवक ने पुलिस को दी तहरीर

- तिनकोनिया रेंज के रजही बीट की घटना

KUSAMHI BAZAR: खोराबार थाना क्षेत्र के कुसम्ही जंगल में स्थित वन चौकी के पास सोमवार की रात फायरिंग से सनसनी फैल गई। रजहीं वन टांगिया निवासी सुरेश ने वन दरोगा पर गोली चलाने का आरोप लगाया। खोराबार पुलिस को तहरीर देकर सुरेश ने कार्रवाई की मांग की। उधर वन दरोगा ने कहा कि सुरेश के खिलाफ पहले से लकड़ी चोरी के मामले दर्ज हैं। वह जंगल में घूमते मिला था। मना करने पर उसने गोली चलाने का आरोप लगा दिया।

चल रही थी पार्टी

थाना क्षेत्र के खाले टोला वन टांगिया नर्सरी निवासी सुरेश निषाद पुत्र रामजीतन निषाद का आरोप है कि सोमवार की रात 9 बजे रजही बीट चौकी पर पार्टी चल रही थी। वन दरोगा अजीत सिंह ने उसे कॉल कर चौकी पर बुलाया। जब वह पहुंचा तो वन दरोगा कुछ लोगों के साथ शराब पी रहे थे। उनके कहने पर उसने बाजार से मीट मसाला और तेल लेने चला गया। लौटकर आया तो दरोगा ने पिकअप पर लकड़ी लादने को कहा। आरोप लगाया कि लकड़ी लादने से मना करने पर पिटाई करने लगे। छुड़ाकर भागा तो राइफल से गोली दाग दी।

वन टांगिया नर्सरी के सुरेश ने वन दरोगा के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। गोली चलने के मामले में कार्रवाई की जाएगी।

रामाशीष यादव, एसओ खोराबार

मेरे ऊपर युवक ने गलत आरोप लगाए हैं। उसके खिलाफ पहले से लकड़ी चोरी का मामला दर्ज है। वह जंगल में संदिग्ध हाल में घूम रहा था। मना करने वह भिड़ गया। सुबह होने पर झूठा आरोप लगा दिया।

अजीत सिंह, वन दरोगा