-वन विभाग की लापरवाही से भागा तेंदुआ

-नाराज ग्रामीणों ने पिंजरा कुएं में फेंका

BUDAUNं: तेंदुए को पकड़ने के अभियान में वही हुआ, जिसकी आशंका थी। शुरू से ही लापरवाही बरत रहे वन विभाग के अधिकारियों ने कुएं में सीढ़ी लगाई। इस दौरान तेंदुआ मौका पाकर भाग निकला। इसी के साथ ही अधिकारियों ने परेशानी से मुक्ति पा ली, लेकिन आमजन की दहशत कायम है।

दिल्ली से मंगाया था पिंजरा

संडे सुबह मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव सिकंद्राबाद में तेंदुआ कुएं में गिर गया था, जहां उसने दो ग्रामीणों को घायल भी कर दिया था। तेंदुआ को पकड़ने के लिए बरेली, पीलीभीत और लखीमपुर के अलावा कानपुर की टीम भी बुलाई गई। रात में ही दिल्ली से पिंजरा भी मंगा लिया गया। रात दो बजे कुएं के ऊपर पड़े लोहे के फाटक को हटाने के बाद तेंदुए को भगा दिया गया। मंडे सुबह वहां न तेंदुआ था और न वन विभाग की टीम। ग्रामीणों ने वन विभाग के कर्मचारियों को फोन किया तो पता चला कि तेंदुआ भाग गया है। नाराज ग्रामीणों ने फाटक और पिंजरे को कुएं में ही फेंक दिया। अपुष्ट खबर है कि तेंदुआ बरेली आगरा राजमार्ग के आसपास देखा गया है। मुख्य वन संरक्षक एमपी सिंह ने बताया कि कुएं में तेंदुए को ट्रैंकुलाइज (बेहोश) नहीं किया जा सकता। तख्तानुमा सीढ़ी बनाकर तेंदुए को निकाला गया, लेकिन वह भाग गया। डीएफओ समीर कुमार ने बताया कि सुनिश्चित कर लिया है कि तेंदुआ गांव व आबादी क्षेत्र से चला गया है।