ग्रेनाइट खनन में भागीदारी देने के नाम पर ठगों ने पूर्व अध्यक्ष को बनाया शिकार

ALLAHABAD: हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रहे फेमस अधिवक्ता सीएल पाण्डेय को ठगो ने 40 लाख रुपए की चपत लगा दी। ग्रेनाइट खनन में भागीदारी देने के नाम पर शातिरों ने पूर्व अध्यक्ष से रुपए ऐंठ लिए। इसकी जानकारी जब सीएल पाण्डेय को हुई तो उन्होंने ठगों से अपने पैसे वापस मांगे। जिस पर वह टाल मटोल करने लगे। कई साल तक ठगों की हीलाहवाली से परेशान होने के बाद शुक्रवार को पूर्व बार अध्यक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया।

आश्रम में हुई थी मुलाकात

अल्कापुरी कालोनी में रहने वाले इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सीएल पाण्डेय वाराणसी में स्थित धार्मिक संस्था पंजाबी भगवान आश्रम से लंबे समय से जुड़े है। उनका अक्सर आश्रम में आना जाना था। वहीं पर उनकी मुलाकात राजकोट के रहने वाले हरिंदर और कमलेश्वर से हुई। कई बार मुलाकात के बाद सीएल पाण्डेय का उनसे अच्छा संबंध बन गया। जिसके बाद अक्सर बातचीत होती थी। इसी बीच सीएल पाण्डेय को पता चला कि दोनों आरोपी कर्नाटक में ग्रेनाइट खनन का काम करते है। दोनों शातिरों हरिंदर और कमलेश्वर ने सीएल पाण्डेय को भी ग्रेनाइट खनन में भागीदारी करने की बात कही। जिसके बाद उन्होंने साल 2013 में अपने खाते से 40 लाख रुपए खनन में भागीदारी करने के लिए दोनों के खाते में टांसफर कर दिया। पट्टा होने के बाद उसकी देखभाल की जिम्मेदारी उन्होंने अपने दामाद को सौंप दी। कुछ दिन बाद ही शातिरों ने पट्टा कैंसिल करा दिया। इस बात की जानकारी जब सीएल पाण्डेय को हुई तो उन्होंने हरेंदर और कमलेश्वर से अपने पैसे वापस मांगे। जिसके बाद वह टाल मटोल करने लगे। लंबे समय तक जब पैसे वापस नहीं मिले तो शुक्रवार को उन्होंने दोनों ठगों के खिलाफ कैंट थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया।

तहरीर मिली थी। मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है। विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसएन रावत

इंस्पेक्टर कैंट