सपा नेता रिचा सिंह व अन्य घायल छात्र नेताओं से अखिलेश यादव ने की मुलाकात

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: शहीद जवान महेश यादव के आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सांसद नागेंद्र सिंह पटेल के आवास पर पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं व 12 फरवरी को लाठी चार्ज में घायल कुछ जवानों से मुलाकात की। सांसद के आवास से निकलकर वे छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष व सपा नेता रिचा सिंह के गोविंदपुर स्थित आवास पर पहुंचे। जहां करीब 45 मिनट ते वे रूके।

निराश होने की जरूरत नहीं

उन्होंने छात्र नेताओं से कहा कि निराश होने की जरूरत नहीं है। सरकार के हर उत्पीड़न का बदला लिया जाएगा। रिचा सिंह के आवास से निकल कर पूर्व मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे। जहां उनका स्वागत किया गया। सर्किट हाउस में भीड़ बढ़ने पर काफी दिक्कत हुई। पुलिस को सख्ती के साथ कार्यकर्ताओं को हटाना पड़ा।

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष व संतों से लिया आशीर्वाद

सियासी सरगर्मी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को बाघम्बरी गद्दी पहुंचे, जहां अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी के साथ ही अन्य संतों ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को चुनाव में विजयी होने का आशीर्वाद दिया। बाघम्बरी गद्दी पर उनका भव्य स्वागत किया गया।