पूर्व केंद्रीय मंत्री के साथ इलाहाबाद के रहे मेयर, 84 वर्ष थी उम्र

दिल्ली में चल रहा था प्रोस्टेट कैंसर का इलाज, इमरजेंसी में जेल में भी रहे

ALLAHABAD: पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की सरकार में पेट्रोलियम मंत्री व इलाहाबाद के मेयर रह चुके इलाहाबाद के मूल निवासी सत्यप्रकाश मालवीय का शनिवार की देर रात दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पूर्व मंत्री के निधन की जानकारी होते ही इलाहाबाद में शोक की लहर दौड़ गई। देर रात में पूर्व केंद्रीय मंत्री का शव अल्लापुर स्थित आवास पर लाया गया। जहां श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों का तांता लग गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही विभिन्न दलों व संगठनों के लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।

दारागंज में होगा अंतिम संस्कार

पूर्व मंत्री के सहयोगी रहे वीरेंद्र मोहिले व कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ नेता अभय अवस्थी उर्फ बाबा अवस्थी ने बताया कि 84 वर्षीय मालवीय जी प्रोस्टेट कैंसर से पीडि़त थे। पार्थिव शरीर इलाहाबाद के अल्लापुर स्थित आवास पर लाने के बाद अगले दिन 17 सितंबर को दारागंज में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार के पूर्व उनका शव अल्लापुर से लोकनाथ चौक लाया जाएगा। जहां लोगों के दर्शनार्थ शव रखा जाएगा। लोकनाथ चौराहे से पूर्व मंत्री की शव यात्रा दारागंज पहुंचेगी।

नाती देगा मुखाग्नि

पूर्व मंत्री को मुखग्नि उनका 17 वर्षीय नाती समर्थ शांडिल्य देगा। पूर्व मंत्री के परिवार में एक बेटी संगीता शर्मा और नाती समर्थ शांडिल्य है। उनकी पत्‍‌नी डा। सरोजनी मालवीय का निधन चार वर्ष पहले हार्ट अटैक पड़ने के कारण हो गया था। वह काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में अंग्रेजी की प्रवक्ता थीं।

'भाई जी' के नाम से थे मशहूर

पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्य प्रकाश मालवीय अपने जानने वालों में 'भाई जी' के नाम से मशहूर थे। मालवीय नगर में 25 जून 1934 को जन्मे सत्यप्रकाश मालवीय ने लंबा राजनीतिक जीवन जिया। इमरजेंसी के दौरान 18 महीने जेल में रहे। नेहरू-इंदिरा के विरोधी रहे मालवीय ने हालांकि बाद में सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ज्वाइन कर लिया था। वह इलाहाबाद के महापौर भी रहे। जनता दल से 1984 और 1990 में दो बार राज्यसभा के लिए उत्तर प्रदेश से चुने गए। नवंबर 1990 से जून 1991 तक चंद्रशेखर सरकार में पेट्रोलियम मंत्री रहे। वह उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यावरण मंत्री भी रहे थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्य प्रकाश मालवीय के निधन की जानकारी होते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी दिल्ली स्थित आवास पहुंचे। जहां उन्होंने श्रद्धासुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश मालवीय जन-जन के लोकप्रिय नेता थे। उनके योगदान को पार्टी व जनमानस कभी भुला नहीं सकता। पूर्व मंत्री के निधन पर दुख प्रकट करने वालों में श्याम कृष्ण पांडेय, विजय प्रकाश, सुधाकर तिवारी, जावेद उर्फी, मुकुन्द तिवारी, भोलानाथ तिवारी, अफरोज अहमद आदि शामिल रहे।