न्ष्ठढ्ढञ्जङ्घन्क्कक्त्र : आरआइटी पुलिस ने गांजा तस्करी के लिए चोरी की गई बोलेरो नावाडीह थाना क्षेत्र से बरामद कर हाल में ही ओडिशा के संबलपुर जेल से छूटे गांजा तस्कर व वाहन चोर संतोष कुमार प्रसाद सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बीते छह नवम्बर को आरआइटी थानाक्षेत्र के रायडीह बस्ती से एक बोलेरो चोरी हो गई थी। पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ में वाहन चोरी के कई अहम मामलों का खुलासा हो सकता है। इस बाबत उनसे पूछताछ जारी है।

ऐसे ले उड़े थे वाहन

मामले का उदभेदन करते हुए आरआइटी पुलिस ने बताया कि छह नवम्बर को संतोष कुमार प्रसाद के कहने पर आरआइटी थाना क्षेत्र निवासी सावन कुमार और राजेश कुमार ने रात में बोलेरो चोरी कर गम्हरिया के टीचर ट्रेनिंग मोड़ से आगे संतोष कुमार प्रसाद को गाड़ी सौंप दी थी। संतोष गाड़ी को लेकर पहले चांडिल गया। इसके बाद वहां से रांची के बेड़ा थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल में गाड़ी छिपा दी। वहीं गाड़ी चोरी के बाद वह पुलिस की गतिविधियों पर भी नजर रख रहा था।

वाहन चेकिंग में धराए वाहन चोर

इधर इस संबंध में पुलिस की एक टीम गठित की गई थी। पुलिस को सूचना मिली की बोलेरो चोरी में सावन और राजेश की संलिप्तता है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो बताया कि संतोष का सहयोगी गाड़ी को गिरिडीह ले जा रहा है। पुलिस ने नावाडीह थाना क्षेत्र में वाहन चेंकिंग शुरू की। जिसमें गाड़ी बरामद हो गई। पुलिस ने वाहन चालक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी अभियान में एएसआई हुबलाल महतो, रामहरी प्रसाद, अनिल यादव आदि शामिल थे।

गिरोह का सरगना संतोष भी धराया

इस गिरोह का मुख्य सरगना संतोष कुमार प्रसाद पूर्व में गांजा तस्करी के आरोप में संबलपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसकी पिकअप वैन संबंलपुर थाने में जब्त है। जबकि वह जमानत पर छूटने के बाद आदित्यपुर में रह रहा है।

मोटरसाइकिल चोरी में भी संलिप्तता

आरोपित संतोष पूर्व का दागी रह चुका है। इससे पहले वह बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जेल जा चुका है। वहीं पिछले दिनों आरआइटी थाना क्षेत्र में हुई कई बाइक की चोरी में भी इसी का नाम आ रहा है। पुलिस इस मामले में संतोष से पूछताछ कर रही है।