- अचानक घरों में उतर आया 11 हजार वोल्ट का करंट

- दर्जनों घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंके

DERVA: बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के खडे़सरी गांव में शनिवार को शाम 4 बजे अचानक लोगों के घरों में 11 हजार वोल्ट का करंट उतर आया। इससे घरों में लगे तमाम इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। इस दौरान दो महिलाएं व दो लड़कियां झुलस गई। इनमें साधना (16), नेहा (11), शैलेंद्री (25) और सुमन (30) शामिल हैं। सभी को स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। डॉक्टर ने नेहा को गोरखपुर रेफर कर दिया।

अचानक आ गया हाई वोल्टेज

गांव के लोगों ने बताया कि अचानक हाई वोल्टेज आ गया। बल्ब, पंखे फुंकने लगे। घर में मौजूद महिलाएं और लड़कियां बोर्ड से स्विच ऑफ करना चाहीं तो करंट की चपेट में आ गई। गांव के रामा यादव, बीरबल यादव, बलई यादव, अभिमान, सुग्रीव, कंता, तिलेश्वरी देवी, बृजेश सहित कई लोगों के घर के उपकरण जल गए हैं। लोगों का आरोप है कि स्थानीय दुकानदारों से विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत है। वे दुकानों का सेल बढ़ाने के लिए यह खेल खेलते हैं। इससे घरों में उपकरण फुंक जाते हैं और लोगों को फिर से खरीदना पड़ता है। कर्मचारियों की इस लापरवाही से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।