- शिया-सुन्नी समुदाय में विवाद की सूचना से पुलिस के हाथ पैर फूले

- पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में कराया भर्ती

- दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ दी तहरीर

- दोनों पक्षों के युवकों में जमकर चले लाठी डंडे

Mawana : नगर के मोहल्ला तिहाई में गुल्ली डंडा खेलने के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शिया-सुन्नी पक्ष में विवाद की सूचना मिलने से थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिस मौके पर दौड़ पड़ी और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने मे तहरीर दी है।

खेल-खेल में हुआ झगड़ा

मोहल्ला तिहाई इमामबाडे़ के पास खाली मैदान में रविवार शाम सलमान व बाबर पक्ष के युवक गुल्ली डंडा खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मामले में तूल पकड़ लिया और दोनों पक्ष के युवक लाठी डंडे लेकर मैदान में आ डटे और जमकर संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्ष से चार युवक गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच मोहल्ले के लोगों ने शिया-सुन्नी समुदाय में झगडे़ की सूचना थाना पुलिस को दे दी।

घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और आनन-फानन थाना एसओ सुरेंद्र भाटी मय पुलिस मौके पर पहुंचे। विवाद सुन्नी समुदाय के युवकों में होने के बाद राहत की सांस ली। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायल सलमान, मुसर्रफ, बाबर व कासिम को उपचार हेतु सीएचसी में भेजा। इस दौरान एक पक्ष ने घर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंचे और एक दूसरे पर मारपीट करने की जानकारी पुलिस को दी। दोनों पक्ष के लोगों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। समाचार भेजे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी। उधर थाना एसओ सुरेंद्र भाटी का कहना है कि तहरीर मिल गई है कार्रवाई की जाएगी।