- पुलिस ने आरोपियों की की शुरू

KARNPRAYAG: कुछ अज्ञात युवकों ने पीतल के बर्तन चमकाने के बहाने सोने के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। दिन-दहाड़े ठगी की घटना को अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

महिलाओं को झांसे में लिया

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर कर्णप्रयाग के शक्तिनगर वार्ड में दो युवक एक आवासीय भवन परिसर में पहुंचे और पीतल, तांबे के बर्तनों को चमकाने की बात कर घर में मोहल्ले की महिलाओं को अपने झांसे में ले लिया। इस बीच एक युवक ने महिला का चांदी का बिछुआ साफ कर उसके हाथ में दिया और पास ही खड़ी महिलाओं से कहा कि वे सोने-चांदी के आभूषणों को भी पॉलिश से चमका सकते हैं। इस बीच 70 वर्षीय वृद्ध महिला सत्यभामा नौटियाल की सोने की दो तोले की चेन चमकाने के बहाने अपने पास ले ली। कुछ देर बाद एक कागज की पुडि़या महिला को देते हुए कहा कि उसे दो घंटे बाद खोलने पर सोने की चैन चमकदार नजर आयेगी। इस दौरान अन्य महिलाएं भी मौके पर मौजूद थी, युवकों के जाने के आधे घंटे बाद जैसे ही वृद्धा ने पुडिया खोली तो देखा कि उसमें सिंदूर के अलावा कुछ नही है। जिसके बाद परिजनों ने जानकारी पुलिस को दी। एसआई संतोष सेमवाल के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने पीडि़त वृद्ध महिला व अन्य मौजूद महिलाओं से जानकारी ली। एसएचओ कर्णप्रयाग संजय कुमार ने बताया कि ठगी की सूचना पुलिस को डेढ़ घंटे बाद मिली। पुलिस चौकी गौचर, सिमली सहित अन्य समीपस्थ थानों को इसकी सूचना दे दी गई है। ठग गिरोह के सदस्यों को शीघ्र ही गिरफ्त में ले लिया जायेगा।